मुंबई के युवक पर लकड़गंज थाने में मामला दर्ज, शिंदे-फडणवीस पर आपत्तिजनक ट्वीट

नागपुर मुंबई के युवक पर लकड़गंज थाने में मामला दर्ज, शिंदे-फडणवीस पर आपत्तिजनक ट्वीट

Tejinder Singh
Update: 2023-03-06 12:53 GMT
मुंबई के युवक पर लकड़गंज थाने में मामला दर्ज, शिंदे-फडणवीस पर आपत्तिजनक ट्वीट

डिजिटल डेस्क, नागपुर. राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र के उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील के नाम पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। ऐसा ही ट्वीट एक महिला को भी किया गया है, जिसमें अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया है। संबंधित महिला ने उस ट्वीट को नागपुर के विधायक कृष्णा खोपड़े के फोन पर भेजा। उस ट्वीट को देखने के बाद कृष्णा खोपड़े ने लकड़गंज थाने में लिखित शिकायत की। उसके बाद लकड़गंज पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सार्थक कपाडी (मुंबई निवासी) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी पर धारा 354 डी, 500, 504, 505 (2), 507, 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने का काम

आरोपी सार्थक कपाडी ने अपनी पोस्ट में असभ्य भाषा का इस्तेमाल किया है। आरोप है कि आरोपी ने उस पोस्ट को जान-बूझकर सोनाली नामक महिला के ट्वीटर पर भेजा है। आपत्तिजनक उस पोस्ट को महिला सोनाली ने विधायक खोपड़े को भेजा। पता चला है कि सार्थक विरोधी पक्ष का कार्यकर्ता है। उसके बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की जा रही है। जैसे ही खबर राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच पहुंची, मामला गर्माने लगा। आक्रोशित कार्यकर्ताओं को समझाने के बाद पुलिस की सहायता ली गई। पुलिस को बताया गया कि राजनीतिक विद्वेष में ऐसे ट्वीट आग में घी का काम कर सकते हैं। पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने का काम किया जा रहा है। संबंधित कार्यकर्ता जिस पार्टी का है, उसके शीर्ष नेताओं को उसके खिलाफ शीघ्र एक्शन लेने चाहिए। मामले को गंभीरता को देखते हुए लकड़गंज पुलिस ने उक्त धाराओं के तहत आरोपी सार्थक कपाडी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लकड़गंज पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।

Tags:    

Similar News