जबलपुर: करोड़ों के उपकरण खरीदे गए थे, लाल ग्लव्ज पर कर्मचारियों ने ली आपत्ति

  • सुरक्षा उपकरण खरीदी पर सवालिया निशान
  • इतने कठोर कि पिंचिस पकड़कर काम ही नहीं होता
  • ये शिकायतें न केवल लोकल बल्कि अन्य जिलों के कर्मी भी लगातार संदेश भेज रहे थे।

Safal Upadhyay
Update: 2024-04-27 11:48 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी ने पिछले दिनों 21 जिलों के लिए करोड़ों रुपयों के सुरक्षा उपकरणों की खरीदी की। इस खरीदी में 10 तरह के उपकरण लिए गए। जब ये उपकरण कर्मचारियों को बाँटे गए तो विवाद सामने आ गया। सबसे महत्वपूर्ण उपकरण ग्लव्ज को माना जाता है क्योंकि उसके जरिए ही पाना और पिंचिस से बिजली की चालू लाइनों को सुधारा जाता है।

खरीदा गया लाल ग्लव्ज इतना कठोर है कि उसके जरिए काम ही नहीं होता। परेशान होकर कर्मचारियों ने अपने पुराने दस्तानों से ही काम करना चालू कर दिया है। अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उपकरण ऐसे क्यों नहीं लिए गए जिनसे कर्मचारियों को लाभ हो।

तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने आरोप लगाते हुए बताया कि पूर्व क्षेत्र कंपनी द्वारा खरीदी गई सुरक्षा उपकरण किट में ग्लव्ज की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कर्मचारियों का कहना है कि उसे पहनकर कार्य करते नहीं बनता।

ये शिकायतें न केवल लोकल बल्कि अन्य जिलों के कर्मी भी लगातार संदेश भेज रहे थे। इसे देखते हुए गत दिवस पूर्व क्षेत्र कंपनी के एरिया स्टोर के कार्यपालन अभियंता एसके तिवारी के साथ कर्मचारियों के प्रतिनिधि मंडल की चर्चा कराई गई।

इस दौरान ग्लव्ज की जाँच भी की गई और शिकायत सही पाई गई। लाल रंग वाले ग्लव्ज ऐसे हैं कि उन्हें पहन लो तो पिंचिस या पाना पकड़ा नहीं जाता। बाकी के उपकरण बेहतर हैं लेकिन लाल रंग के ग्लव्ज बदलने की जरूरत है।

हालाँकि चर्चा के दौरान कार्यपालन अभियंता ने बताया कि सुरक्षा उपकरण जाँच के लिए एक कमेटी अलग से है और उसकी सिफारिश के बाद ही खरीदी होती है। कर्मचारियों की शिकायत को जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँचाया जाएगा।

चर्चा में जूनियर इंजीनियर महेश दुबे, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, लखन सिंह राजपूत, दशरथ शर्मा, किशोर बांदेकर आदि उपस्थित थे।

एरिया स्टोर कर्मियों को मिले जोखिम भत्ता

मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के द्वारा कार्यपालन अभियंता एसके तिवारी से आउटसोर्स, संविदा एवं नियमित कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर चर्चा की गई। संघ द्वारा पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन से माँग की गई है कि एरिया स्टोर में भी कर्मचारी जोखिमपूर्ण कार्य करते हैं, उन्हें भी जोखिम भत्ता दिया जाए।

Tags:    

Similar News