सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो बना सांसदों-विधायकों और सेलिब्रिटीज को फांसते थे, तीन चढ़े पुलिस के हत्थे

सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो बना सांसदों-विधायकों और सेलिब्रिटीज को फांसते थे, तीन चढ़े पुलिस के हत्थे

Tejinder Singh
Update: 2021-02-22 14:31 GMT
सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो बना सांसदों-विधायकों और सेलिब्रिटीज को फांसते थे, तीन चढ़े पुलिस के हत्थे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महिलाओं के नाम पर सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर सांसदों, विधायकों, नौकरशाहों, कारोबारियों और सेलिब्रिटीज को निशाना बनाने और उनसे जबरन वसूली करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला बनकर शिकार से नजदीकी बढ़ाते फिर वीडियो कॉल बहाने अश्लील क्लिप चलाकर पीड़ित का वीडियो बना लेते। इसके बाद वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसों की मांग करते। आरोपियों ने ठगी के लिए 171 फर्जी फेसबुक और 5 टेलीग्राम चैनल बना रखे थे। आरोपी वाट्सएप का भी इस्तेमाल वीडियो कॉल और ठगी के लिए करते थे। आरोपियों से ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 54 मोबाइल नंबरों और 58 बैंक खातों की भी जानकारी मिली है। 

संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) मिलिंद भारंबे ने बताया कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे फर्जी सोशल मीडिया एकाउंट, पेमेंट ऐप बंद करा दिए गए हैं। भारंबे ने बताया कि इस बारे में दो हाईप्रोफाइल लोगों से शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए साइबर सेल की विशेष टीम बनाई गई थी। तकनीकी जानकारी के आधार पर हरियाणा, राजस्थान में छापेमारी कर आरोपियों पर शिकंजा कसा गया। छानबीन में पता चला कि आरोपियों ने ठगी के लिए बकायदा तकनीकी प्रशिक्षण हासिल कर रखा था। गिरोह के तार पश्चिम बंगाल, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी फैले हुए हैं। मामले में अभी कई और आरोपियों पर शिकंजा कसा जा सकता है।

कैसे होती थी ठगी

डीसीपी रश्मी करंदीकर ने बताया कि आरोपी पूजा शर्मा, नेहा शर्मा जैसे नामों से सुंदर महिलाओं की तस्वीर लगाकर सोशल मीडिया पर एकाउंट बनाते थे। इसके बाद आरोपी गूगल की मदद से ऐसे नामचीन लोगों के सोशल मीडिया एकाउंट खोजते थे जो यहां सक्रिय रहते हैं और जिनके परिवार और रिश्तेदार भी उनके सोशल मीडिया एकाउंट से जुड़े होते थे। इसके बाद उन्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जाती थी। रिक्वेस्ट स्वीकार होने पर लड़की की आवाज में बात कर नजदीकी बढ़ाई जाती और फिर वीडियो कॉल के दौरान अश्लील क्लिप चलाकर पीड़ित के साथ उसे रिकॉर्ड कर लिया जाता। फिर उसे जान पहचान के लोगों और रिश्तेदारों के भेजने की धमकी देकर पैसे मांगे जाते। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने से बचें, अनजान लोगों से चैट या वीडियो कॉल पर बात न करें। अगर कोई इस तरह से ब्लैकमेल करे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। 


    

 
 

Tags:    

Similar News