PM देश के पहले फिल्म संग्रहालय का करेंगे उद्घाटन, तीन महीने में चौथी बार महाराष्ट्र दौरा

PM देश के पहले फिल्म संग्रहालय का करेंगे उद्घाटन, तीन महीने में चौथी बार महाराष्ट्र दौरा

Tejinder Singh
Update: 2019-01-18 13:02 GMT
PM देश के पहले फिल्म संग्रहालय का करेंगे उद्घाटन, तीन महीने में चौथी बार महाराष्ट्र दौरा

डिजिटल डेस्क, मुंबई महानगर के पेडर रोड इलाके में देश का पहला फिल्म संग्रहालय बनकर तैयार है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। नेशनल म्यूजियम ऑफ इंडियन सिनेमा को करीब 141 करोड़ रूपए की लागत से बनाया गया है। संग्रहालय में दृष्य (विजुअल), शिल्प, ग्राफिक्स और मल्टीमीडिया की मदद से प्रस्तुतिकरण के जरिए किस्से कहानी के रूप में भारतीय सिनेमा के एक सदी पुराने इतिहास की जानकारी दी जाएगी।

भारतीय सिनेमा के इतिहास से जुड़ी जानकारियां देने वाला यह संग्रहालय दो इमारतों 19वीं सदी के ऐतिहासिक गुलशन महल और नए संग्रहालय भवन में बनाया गया है। नामचीन फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल और सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी के मार्गदर्शन में संग्रहालय का निर्माण हुआ है। पांच मंजिला नए संग्रहालय भवन में चार प्रदर्शनी हॉल हैं। इसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन पर बनी फिल्में और सिनेमा के उनके जीवन पर गहरे प्रभाव को दर्शाया गया है।

यहां बाल फिल्म स्टूडियो भी है, जिसमें आगंतुकों खासकर बच्चों को फिल्म निर्माण के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और कला के बारे में जानकारी दी जाएगी। हॉल में कैमरा, शूटिंग और अभिनय से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध होंगी। यहां आने वालों को प्रौद्योगिकी, रचनात्मकता और भारतीय सिनेमा में भारतीय फिल्मकारों द्वारा प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल की जानकारी मिलेगी। रजत पटल पर फिल्मकारों के सिनेमाई प्रभाव को भी पेश किया गया है। भारतीय सिनेमा में यहां देशभर की सिनेमा संस्कृति को दर्शाया गया है। 

नौ वर्गों में विभाजित है सिनेमा का इतिहास
गुलशन महल एएसआई ग्रेड दो की धरोहर संरचना है। इसे एनएमआईसी परियोजना के हिस्से के रूप में दुरुस्त किया गया है। यहां पर भारतीय सिनेमा के 100 वर्ष से अधिक की यात्रा दिखाई गई है। इसे 9 वर्गों में विभाजित किया गया है, जिनमें सिनेमा की उत्पत्ति, भारत में सिनेमा का आगमन, भारतीय मूक फिल्म, ध्वनि की शुरूआत, स्टूडियो युग, द्वितीय विश्व युद्ध का प्रभाव, रचनात्मक जीवंतता, न्यू वेव और उसके उपरांत तथा क्षेत्रीय सिनेमा शामिल हैं।

तीन महीने में प्रधानमंत्री का चौथा महाराष्ट्र दौरा
पिछले तीन महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चौथा दौरा करने जा रहे हैं। अक्टूबर माह के अंत में पीएम ने शिर्डी में प्रधानमंत्री आवास योजनाओं से जुड़ी परियोजनाओं की शुरुआत की थी। इसके बाद वे दिसंबर माह वे कल्याण और पुणे के दौरे पर आए थे। इसी माह प्रधानमंत्री ने सोलापुर में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया था। अब वे शनिवार 19 जनवरी को मुंबई में फिल्म म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के लगातार महाराष्ट्र दौरे को देखकर लगता है कि भाजपा महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से ज्यादा से ज्यादा पर जीत हासिल करना चाहती है। 
 

Similar News