रविंद्र वायकर सीएम कार्यालय में प्रमुख समन्वयक बने, मिला कैबिनेट मंत्री का दर्जा 

रविंद्र वायकर सीएम कार्यालय में प्रमुख समन्वयक बने, मिला कैबिनेट मंत्री का दर्जा 

Tejinder Singh
Update: 2020-02-11 15:34 GMT
रविंद्र वायकर सीएम कार्यालय में प्रमुख समन्वयक बने, मिला कैबिनेट मंत्री का दर्जा 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना विधायक रवींद्र वायकर को मुख्यमंत्री सचिवालय में प्रमुख समन्वयक के पद पर नियुक्ति किया गया है। वायकर को कैबिनेट मंत्री पद का दर्जा दिया गया है। मंगलवार को राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया। वायकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के करीबी माने जाते हैं। वायकर फडणवीस सरकार में गृहनिर्माण राज्य मंत्री थे। उन्हें महाविकास आघाडी सरकार में मंत्री पद की उम्मीद थी। लेकिन राज्य मंत्रिमंडल में उन्हें मौका नहीं मिल पाया था। इसके बाद अब मुख्ययमंत्री सचिवालय में प्रमुख समन्वयक पद का नया पद सृजित कर वायकर को नई जिम्मेदारी दी गई है। इस संबंध में जारी शासनादेश के मुताबिक वायकर को कामकाज के लिए कार्यालय और सरकारी वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अनुसार कैबिनेट मंत्री पद के लिए दिए जाने वाले वेतन, दैनिक व बैठक भत्ता और चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति सेवा दी जाएगी। वायकर को कामकाज के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष कार्य कक्ष अधिकारी व कर्मचारी उपलब्ध कराए जाएंगे। 

मुख्यमंत्री सचिवालय के अनुसार मुख्यमंत्री से मंत्रालय में मुलाकात करने के लिए पूरे महाराष्ट्र से बड़े पैमाने पर नागरिक अपनी मांगों का ज्ञापन, निवेदन और शिकायतें लेकर आते हैं। मुख्यमंत्री से मिलने आने वाले आंगतुकों की समस्याओं और शिकायतों को समझकर उसके निपटारे के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय को एक वरिष्ठ और अनुभवी व्यक्ति की जरूरत थी। इसलिए वायकर की नियुक्ति का फैसला किया गया है। जिला स्तर और विभाग स्तर पर लोगों की शिकायतें प्राप्त करने के लिए विभागीय मुख्यमंत्री सचिवालय शुरू किया गया है। इसका दायरा जिला स्तर पर बढ़ाया जाएगा। सभी कार्यालयों से समन्वय की जिम्मेदारी वायकर पर होगी।

Tags:    

Similar News