गंगा कावेरी एक्सप्रेस में डकैती, आधा दर्जन यात्रियों को किया घायल

गंगा कावेरी एक्सप्रेस में डकैती, आधा दर्जन यात्रियों को किया घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-03 11:39 GMT
गंगा कावेरी एक्सप्रेस में डकैती, आधा दर्जन यात्रियों को किया घायल

डिजिटल डेस्क, चित्रकूट। चैन्नई से पटना जाने वाली गंगा कावेरी एक्सप्रेस (नंबर 12669) में रविवार की रात हथियारों से लैस डकैतों ने जमकर लूटपाट की और आधा दर्जन यात्रियों हथियारों से घायल किया। घटना मानिकपुर थाना क्षेत्र के पनहाई रेलवे स्टेशन से ही करीब दो किमी दूर रात लगभग डेढ़ बजे घटी। डकैतों ने चैन पुलिंग कर ट्रेन को रोका और घटना को अंजाम दिया।

ट्रेन के रूकते ही डकैतों ने हथियार लहराते हुए बोगियों में लूटपाट शुरू कर दी। करीब डेढ़ दर्जन बदमाशों ने ट्रेन की एस 3 से लेकर एस 9 तक की आरक्षित बोगियों में लूटपाट की। ट्रेन के गार्ड ने कई बार उतरकर चेन पुलिंग को सही किया और ट्रेन को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन के चलने का हार्न बजते ही डकैत चेन पुलिंग कर रोक देते थे। आउटर पर ही ट्रेन एक घंटे 46 मिनट खड़ी रही। करीब पौने दो घंटे तक डकैतों ने यात्रियों से जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने करीब आधा दर्जन यात्रियों को चाकू, छूरा मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिलाओं के जेवर लूट लिए। यात्रियों की नकदी समेत पूरा सामान लूट लिया। लूटपाट करने के बाद डकैत जंगल की ओर भाग निकले। इसके बाद ट्रेन भोर में तीन बजकर 13 मिनट पर इलाहाबाद के लिए रवाना हुई। घायल यात्रियों को इलाहाबाद में भर्ती कराया। ट्रेन के इलाहाबाद पहुंचने पर लूट की सूचना पुलिस को मिली।

लूटपाट की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा, अपर एसपी बलवंत चौधरी, एसओ मानिकपुर केपी दुबे भारी पुलिस फोर्स के साथ भोर में ही मौके पर पहुंच गए। इसके बाद चित्रकूटधाम रेंज के डीआईजी मनोज तिवारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रेलवे लाइन के किनारे दो बैग बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि लूटपाट के दौरान डकैत यात्रियों के बैग छोड़कर भागे हैं। अल सुबह से ही जंगल में पुलिस ने खोजी डॉग की मदद से सर्च आपरेशन शुरू कर दिया, लेकिन अभी तक को सफलता नहीं मिली।

 

Similar News