झुलसा रही गर्मी, कूलर,एसी हुए फेल, तापमान 46 डिग्री के पार

झुलसा रही गर्मी, कूलर,एसी हुए फेल, तापमान 46 डिग्री के पार

Anita Peddulwar
Update: 2019-05-24 06:05 GMT
झुलसा रही गर्मी, कूलर,एसी हुए फेल, तापमान 46 डिग्री के पार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। झुलसाती गर्मी के चलते घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सूरज की प्रचंड तेज किरणें इन दिनों हर किसी को परेशान कर रही है। कूलर और एसी भी फेल हो गए हैं। दिन तो तप ही रहा है रात भी भीषण गर्मी में गुजारनी पड़ रही है।  शहर का तापमान लगातार ऊपर चढ़ता जा रहा है। इससे रेड अलर्ट बरकरार है। गुरुवार के दिन नागपुर का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को तापमान 46 डिग्री पर पहुंचने पर मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किया गया था। तापमान बढ़ने से रात को भी बेचैनी महसूस हो रही है।गर्मी से राहत के सारे उपाय फेल हो रहे हैं। 

भीषण गर्मी में भी लोग चुनाव परिणाम की पल-पल की खबरें लेते रहे
बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए तापमान और बढ़ने की चेतावनी दी थी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.2 और न्यूनतम 28.8 रहा। बीच-बीच में बादल भी छाए रहे, इसके बावजूद तापमान में कमी नहीं आई। गुरुवार को शहर एक तरफ रेड जोन में रहा, वहीं दूसरी तरफ चुनाव की गर्मी भी चरम पर रही। पूरे दिन मतगणना का क्रम जारी रहा। लोग भीषण गर्मी के बावजूद काउंटिंग स्थल के आसपास परिणाम की पल-पल की खबरें जानने के लिए डटे रहे। गुरुवार को पूरे विदर्भ में लगभग एक समान तापमान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में स्थिरता बनी रह सकती है। अगले 48 घंटों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। बढ़ते तापमान और इससे होने वाली बीमारियों से बचने की सलाह स्वास्थ्य विभाग ने किया है। मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में उतार-चढ़ाव लगातार बना हुआ है। मौसम कभी शुष्क तो कभी नमी  के कारण पूरे विदर्भ में गर्मी की प्रचंडता बढ़ रही है।  चंद्रपुर के साथ अमरावती का पारा भी 45  डिग्री के आसपास है। चंद्रपुर और ब्रह्मपुरी का तापमान हर बार की तरह सबसे अधिक बना हुआ है। नागपुर की तरह ही चंद्रपुर की गर्मी से भी लोग हायतौबा करते हैं। 

Tags:    

Similar News