दो माह की मासूम के साथ महिला ने कुएं में कूदकर दी जान

छिंदवाड़ा दो माह की मासूम के साथ महिला ने कुएं में कूदकर दी जान

Ankita Rai
Update: 2022-02-04 12:18 GMT
दो माह की मासूम के साथ महिला ने कुएं में कूदकर दी जान

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा।ग्राम आजनगांव में रहने वाली एक महिला अपनी दो महीने की बच्ची को लेकर कुएं में कूद गई। जिससे कुएं में डूबने से महिला और बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। महिला अपनी बच्ची को लेकर सुबह चार बजे से ही घर से गायब थी। दोनों शवों को कुएं से बाहर निकालने के बाद मृतिका की पहचान गांव के ही रवि पराडकर की पत्नी प्रियंका (27) और दो माह पांच दिन की बेटी नव्या के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि प्रियंका अपनी बेटी नव्या को लेकर सुबह चार बजे से ही घर से गायब थी। बीती रात को रवि और प्रियंका ने साथ ही खाना खाया था और रात को पूरा परिवार साथ सोया था। सुबह परिवार के लोग जब जागे तो प्रियंका और नव्या घर में नही दिखी। जिसके बाद गांव के समीप ही संजय राहाटे के खेत के कुएं में प्रियंका और नव्या के शव मिलने की पुष्टि हुई। रवि और प्रियंका का प्रेमविवाह हुआ था और दोनों की एक दो साल की बड़ी बेटी भी है। रवि गांव में ही खेती-किसानी करता है।
सूचना मिलते ही एसडीओपी रोहित लखारे और नायब तहसीलदार छबी पंत मौके पर पहुंच गए थे। बड़चिचोली पुलिस चौकी प्रभारी आशीष भीमटे ने दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर पीएम के लिए भिजवाया। साथ ही मामले में मर्ग कायम विवेचना शुरू की है। प्रियंका ने अपनी दो महीने की बेटी के साथ कुएं में कूदकर जान क्यों दी, इसकी पुष्टि नही हुई। पुलिस द्वारा मामले में पति और अन्य परिजनों के बयान लिए जा रहे है। वहीं दूसरी ओर इस घटना में प्रियंका और मासूम नव्या की मौत से ग्रामवासी सहम गए।

Tags:    

Similar News