राज्य के हर पुलिस थाने में बनाएंगे महिला विश्रामगृह : DGP दत्ता पडसलगीकर

राज्य के हर पुलिस थाने में बनाएंगे महिला विश्रामगृह : DGP दत्ता पडसलगीकर

Anita Peddulwar
Update: 2018-07-19 06:02 GMT
राज्य के हर पुलिस थाने में बनाएंगे महिला विश्रामगृह : DGP दत्ता पडसलगीकर

डिजिटल डेस्क, अमरावती। राज्य के पुलिस महासंचालक दत्ता पडसलगीकर ने कहा कि राज्य के हर पुलिस थाने में महिला अधिकारी व कर्मचारियों के लिए महिला विश्रामगृह बनाने की तैयारी है। फ्रेजरपुरा पुलिस थाना परिसर में बनाए गए महिला विश्रामगृह का उद्घाटन अवसर पर उन्होंने यह बात कही।

बता दें कि फ्रेजरपुरा पुलिस थाना परिसर में महिला अधिकारी व कर्मियों के लिए महिला विश्रामगृह बनाया गया है। इस इमारत का उद्घाटन पुलिस महासंचालक दत्ता पडसलगीकर के हाथों किया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त दत्तात्रय मंडलिक ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि अमरावती शहर में कुल 165 अधिकारी हैं। जिनमें 124 महिला अधिकारी हैं। साथ ही 266 महिला पुलिस कर्मचारी हैं। इतने बड़े पैमाने पर महिला अधिकारी व कर्मी होने के बाद भी सभी थानों में महिलाओं के लिए महिला विश्रामगृह नहीं है। जिसके चलते महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

महिला पुलिस कर्मियों के कंधे से कंधा लगाकर काम करती है। उन्हें भी थकावट दूर करने के लिए महिला विश्रामगृह होना जरुरी है। इसी बात को देखते यह विश्रामगृह बनाया गया। इसी तरह अन्य थानों में भी विश्रामगृह बनाने की मंशा भी उन्होंने व्यक्त की। 

इस अवसर पर पुलिस महासंचालक दत्ता पडसलगीकर ने कहा कि राज्य के हर पुलिस थानों में महिला अधिकारी व कर्मियों के लिए महिला विश्रामगृह होना जरूरी है। जिस जिले में महिला विश्रामगृह नहीं है, उन जिलों में जल्द से जल्द महिलाओं के लिए महिला विश्रामगृह बनाने की भी तैयारी है। क्योंकि महिला पुुलिस कर्मी व अधिकारी भी चौबीस घंटे ड्यूटी पर तैनात रहती हैं। हर मौसम में उन्हें ड्यूटी निभानी होती है। इसी बात को देखते महिलाओं की सुरक्षा हेतु और उन्हें थकावट दूर करने के लिए हर पुलिस थानों में महिला विश्रामगृह बनाना जरूरी है।

कार्यक्रम में पुलिस महासंचालक के साथ विशेष पुलिस महानिरीक्षक श्रीकांत तरवड़े, पुलिस आयुक्त दत्तात्रय मंडलिक, डीसीपी चिन्मय पंडित, शशिकांत सातव, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अभिनाश कुमार व संभाग के सभी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक व पुलिस कर्मी मौजूद थे।

Similar News