कोरोनावायरस: BCCI अधिकारी ने कहा, टी-20 वर्ल्ड कप स्थगित होने पर अक्टूबर-नवंबर के बीच हो सकता है IPL

कोरोनावायरस: BCCI अधिकारी ने कहा, टी-20 वर्ल्ड कप स्थगित होने पर अक्टूबर-नवंबर के बीच हो सकता है IPL

Bhaskar Hindi
Update: 2020-03-31 11:13 GMT
कोरोनावायरस: BCCI अधिकारी ने कहा, टी-20 वर्ल्ड कप स्थगित होने पर अक्टूबर-नवंबर के बीच हो सकता है IPL
हाईलाइट
  • BCCI अक्टूबर-नवंबर के बीच IPL कराने के बारे में सोच रहा है
  • कोरोनावायरस के कारण IPL को पहले ही 15 अप्रेल तक के लिए टाल दिया गया है

डिजिटल डेस्क। कोरोनावायरस के कारण दुनियाभर में कई स्पोर्ट्स इवेंट्स को रद्द या स्थगित कर दिया गया है। इसका खतरा अब भारत के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। IPL को पहले ही कोरोनावायरस के कारण 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है। लेकिन अब देश में 21 दिनों के लॉकडाउन के कारण 15 अप्रैल को भी IPL शुरु होने की संभावना नहीं है। ऐसे में अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड BCCI अक्टूबर-नवंबर के बीच IPL कराने के बारे में सोच रहा है। लेकिन यह तब ही संभव है जब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) इसी साल होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप को स्थगित कर दे। 

IPL अक्टूबर-नवंबर में एक विकल्प पर ही संभव
IPL की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए  BCCI के एक अधिकारी ने कहा कि, IPL अक्टूबर-नवंबर के बीच होना सिर्फ एक विकल्प पर ही संभव है, और वो यह है कि ऑस्ट्रेलिया में 18 अक्टूबर से 15 नवंबर 2020 के बीच होने वाला टी-20 वर्ल्ड कप स्थगित हो जाए। कोरोनावायरस के चलते अभी दुनियाभर में सीमाएं लॉकडाउन है। वहीं ऑस्ट्रेलिया में छह महीने का लॉकडाउन है। हमें अभी भी यह समझना है कि भारतीय सरकार अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं को बंद रखने के संबंध में क्या फैसला लेती है। इस स्थिति में अक्टूबर-नवंबर ही IPL के लिए एक सुरक्षित विकल्प है, लेकिन इस समय टी-20 वर्ल्ड कप होगा।

यह खबर भी पढ़ें - Coronavirus: रोहित शर्मा ने दी 80 लाख रुपये की सहायता राशि, बोले- हमें देश को वापस पैरों पर लाना होगा

कोरोनावायस का रुकना और चीजें इंसान के काबू में आना जरूरी
अधिकारी ने कहा, अगर ICC मौजूदा स्थिति को देखकर वर्ल्ड कप स्थगित करती है, तभी हम अक्टूबर-नवंबर में इसके बारे में सोच सकते हैं। क्योंकि अगर मान लीजिए की सभी देशों ने अभी से छह महीने का लॉकडाउन कर दिया तो वो अक्टूबर में खत्म हो जाएगा, लेकिन इसके लिए कोरोनावायस का रुकना जरूरी है और चीजें इंसान के काबू में आना भी जरूरी है। बता दें कि, IPL 29 मार्च से शुरु होना था। इसका पहला मैच मुंबई में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाना था।

यह खबर भी पढ़ें - कोरोनावायरस: मेडिकल स्टाफ के प्रति सपोर्ट में डेविड वॉर्नर ने शेव किया सिर, कोहली और स्मिथ को भी दिया चैलेंज

टी-20 वर्ल्ड कप तय समय पर होगा: ICC
अधिकारी ने कहा, ICC के लिए वर्ल्ड कप स्थगित करना भी अंतिम विकल्प होगा। क्योंकि वर्ल्ड कप को 2020 से 2022 में ले जाना होगा, क्योंकि 2021 में कोई जगह नहीं है। इसलिए इस समय यह सबकुछ काफी दूर की बात है, लेकिन हां, IPL के लिए अक्टूबर-नवंबर के विकल्प की बात की गई है। इस संबंध में जब ICC अधिकारी से बात की गई, तो उन्होंने कहा, टी-20 वर्ल्ड कप को स्थगित करने को लेकर किसी तरह की बातचीत नहीं की गई है। इसे इसी साल अक्टूबर-नवंबर में ही आयोजित किया जाएगा। 

Tags:    

Similar News