IAS व IPS अधिकारी बताकर महिलाओं को लाखों का चूना लगाने वाले आरोपी गिरफ्तार

IAS व IPS अधिकारी बताकर महिलाओं को लाखों का चूना लगाने वाले आरोपी गिरफ्तार

Anita Peddulwar
Update: 2020-01-18 13:53 GMT
IAS व IPS अधिकारी बताकर महिलाओं को लाखों का चूना लगाने वाले आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। वैवाहिक वेबसाइट के जरिए खुद को आईएएस, आईपीएस अधिकारी बताकर 25 से ज्यादा महिलाओं को लाखों रुपए का चूना लगाने वाले एक 28 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुलिस ने तब शिकंजा कसा जब उसने एक सेवा निवृत्त एसीपी की डॉक्टर बेटी को इसी तरह 70 हजार रुपए का चूना लगाया। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने स्वीकार किया कि इसी तरह वह कई लड़कियों को चूना लगा चुका है। आरोपी को दिंडोशी पुलिस ने जाल बिछाकर पनवेल इलाके से गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार आरोपी का नाम आदर्श म्हात्रे है। सीनियर इंस्पेक्टर राजेंद्र कांबले ने बताया कि आरोपी पढ़ा लिखा है और सिविल इंजीनियर है। लेकिन वह फर्जी नामों से वैवाहिक वेबसाइट पर अपनी अलग-अलग आईडी बनाता था जिसमें खुद के आईएएस और आईपीएस अधिकारी बताता था। पीड़ित डॉक्टर से जिस प्रोफाइल के जरिए आरोपी ने संपर्क किया था उसमें खुद को आईएएस अधिकारी बताया था। महिला डॉक्टर से आरोपी ने नजदीकी बढ़ाई और शादी का वादा किया। इसके बाद पैसों की जरुरत बताकर धीरे-धीरे बैंक खाते में 70 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। आरोपी ने महिला को पैसे वापस करने का वादा किया था। लेकिन बाद में उसने अपना मोबाइल बंद कर संपर्क तोड़ लिया।

ठगी का एहसास होने के बाद महिला ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई। कांबले ने बताया कि आरोपी को करीब दो महीने बाद जाल बिछाकर पनवेल इलाके से पकड़ा गया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी शादी हो चुकी है। उसकी पत्नी भी आईटी इंजीनियर है। दोनों को बच्चा भी है हालांकि आरोपी की हरकतों से परेशान उसकी पत्नी अब अलग हो गई है। 

ठगी के पैसों से करता था ऐश
छानबीन में खुलासा हुआ है कि महिलाओं को प्रभावित करने के लिए म्हात्रे मंहगी गाड़ियों के आगे खड़े होकर तस्वीरें निकालता था और उन्हें अपने प्रोफाइल पर डालता था। शादी की इच्छुक महिलाओं से नजदीकी बढ़ाने के बाद वह उनसे शारीरिक संबंध बनाता था और बहाने से पैसे ऐंठकर संपर्क तोड़ लेता था। पूछताछ में उसने बताया कि उसके जाल में फंसी पुणे की एक महिला ने बैंक से कर्ज लेकर उसे पांच लाख रुपए दे दिए थे। ये पैसे उसने गोवा जाकर मौजमस्ती में उड़ा दिए। पैसे खत्म होने के बाद वह मुंबई आया और नए शिकार की तलाश शुरू कर दी। 

Tags:    

Similar News