सुनामी-भूकंप का फायदा उठाकर इंडोनेशिया की जेल से भागे 1400 कैदी

सुनामी-भूकंप का फायदा उठाकर इंडोनेशिया की जेल से भागे 1400 कैदी

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-02 09:53 GMT
सुनामी-भूकंप का फायदा उठाकर इंडोनेशिया की जेल से भागे 1400 कैदी
हाईलाइट
  • 120 की क्षमता वाले जेल में रखे थे 581 कैदी
  • इंडोनेशिया में 1300 लोगों की मौत हो चुकी है
  • सुनामी और भूकंप से घबरा गए थे कैदी

डिजिटल डेस्क, जकार्ता। सुनामी और भूकंप से एक तरफ जहां इंडोनेशिया में करीब 1300 लोगों की मौत हो चुकी है तो दूसरी तरफ आपदा का फायदा उठाकर वहां की जेलों से 1400 कैदी फरार हो गए हैं। ये कैदी सुलावेसी प्रांत की तीन जेलों से भागे हैं। इंडोनेशिया के न्याय मंत्रालय के मुताबिक सुनामी के कारण पालु शहर की एक जेल क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस जेल से सबसे ज्यादा 581 कैदी भागे है। इस जेल में सिर्फ 120 कैदियों को ही रखने का इंतजाम था, लेकिन इसमें पांच गुना ज्यादा कैदी रख दिए गए थे। 

  

इंडोनेशिया के न्याय मंत्रालय की अधिकारी पुगुह उतमी के मुताबिक भूकंप के कुछ देर बाद ही हालात पर काबू पा लिया गया था, लेकिन जेल में पानी घुसते ही कैदी घबराने लगे। मौका मिलते ही कैदियों ने सड़कों पर भागना शुरू कर दिया। उतमी ने बताया कि कैदी पानी की जगह भूकंप के बाद इमारतों के गिरने से ज्यादा डर गए थे।

 

 

अब पालु की दोनों  जेलों में सिर्फ 100 कैदी ही बचे हैं। भागने वाले कैदी काफी दिनों से अपने परिवार से मिलने की इच्छा प्रकट कर रहे थे। कैदियों ने आगजनी की वारदात को भी अंजाम दिया। जेलों में अब कम कैदी बचे हैं, लेकिन फिर भी उनकी जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही है। कई जेलों में खाने की समस्या पैदा हो गई है। कुछ अधिकारी अपने पैसों से खाना खरीदकर ला रहे हैं।

Similar News