US-China Tension: एलेक्स अजार के ताइवान दौरे पर चीन का फूटा गुस्सा, कहा- अमेरिका के लिए लोगों के जीवन से ऊपर है राजनीति

US-China Tension: एलेक्स अजार के ताइवान दौरे पर चीन का फूटा गुस्सा, कहा- अमेरिका के लिए लोगों के जीवन से ऊपर है राजनीति

Bhaskar Hindi
Update: 2020-08-12 12:30 GMT
US-China Tension: एलेक्स अजार के ताइवान दौरे पर चीन का फूटा गुस्सा, कहा- अमेरिका के लिए लोगों के जीवन से ऊपर है राजनीति

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। कोरोना संक्रमण के बीच अमेरिका के हेल्थ और ह्यूमन सर्विसेज सेक्रेटरी एलेक्स अजार के ताइवान दौरे को लेकर चीन ने निशाना साधा है। एक चीनी अधिकारी ने बुधवार को आरोप लगाया कि अमेरिका ने लोगों के जीवन की फिक्र न करते हुए राजनीति को इससे आगे कर दिया है। चीन की यह टिप्पणी अजार के उस बयान के एक दिन बाद आई है जिसमें उन्होंने चीन पर कोरोनावायरस को लेकर बाकी दुनिया को चेतावनी देने में नाकाम रहने का आरोप लगाया था।

क्या कहा चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने?
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, "अमेरिकी सरकार ने बीमारी से जूझ रहे लाखों लोगों को ऐसे ही छोड़ दिया और इसकी जगह एक पॉलिटिकल शो करने के लिए ताइवान का दौरा किया।" उन्होंने कहा, "हम नहीं जानते कि उनमें चीन की महामारी विरोधी उपलब्धियों की बेशर्मी से आलोचना करने का आत्मविश्वास और साहस कैसे है।" इससे पहले अमेरिका के हेल्थ और ह्यूमन सर्विसेज सेक्रेटरी ने कहा था कि चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के पास दुनिया को चेतावनी देने और दुनिया के साथ वायरस से लड़ने के लिए काम करने का मौका था। लेकिन उन्होंने इसे नहीं चुना और इसका खामियाजा दुनिया को भुगतना पड़ रहा है।

अजार की ताइवान यात्रा से क्यों नाराज है चीन?
ट्रम्प प्रशासन बार-बार चीन पर कोरोनावायरस से जुड़ी जानकारी छिपाने का आरोप लगाता रहा है। हालांकि चीन ने हमेशा इसे खारिज करते हुए कहा है कि उन्होंने सभी जानकारियां समय पर कम्यूनिकेट की। अजार की ताइवान यात्रा चीन को नाराज़ करती है क्योंकि वह इस आइलैंड को अपनी टेरेटरी का हिस्सा मानता है। बता दें कि अजार 1979 के बाद ताइवान दौरे पर जाने वाले अमेरिका के सर्वोच्च अधिकारी हैं। बुधवार को, अजार ने ताइवान से वापस रवाना होने से पहले एक फेस मास्क फैक्ट्री का दौरा किया और हाल ही में इस दुनिया को अलविदा कहने वाले ताइवान के पूर्व राष्ट्रपति ली तेंग-हुइ को याद किया।

Tags:    

Similar News