पेरिस: फ्रांस की रक्षा कंपनियों के साथ राजनाथ सिंह अहम बैठक आज

पेरिस: फ्रांस की रक्षा कंपनियों के साथ राजनाथ सिंह अहम बैठक आज

Bhaskar Hindi
Update: 2019-10-09 03:32 GMT

डिजिटल डेस्क, पेरिस। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज (बुधवार) फ्रांस की रक्षा कंपनियों के साथ अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा समझौता एंव हथियारों की डील को लेकर चर्चा की जाएगी। जानकारी के मुताबिक रक्षामंत्री राजनाथ बैठक से ठीक पहले लड़ाकू विमान बनाने वाली कंपनी दसॉल्ट के प्लांट जाएंगे। जहां कंपनी के सीईओ Eric Trappier राफेल से जुड़ी कुछ अहम जानकारी देंगे। बता दें राजनाथ सिंह तीन दिवसीय फ्रांस दौरे पर हैं। 

गौरतलब है कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कल (मंगलवार) विजयदशमी के शुभ अवसर पर फ्रांस के मेरिनेक एयरबेस शस्त्र पूजा की। ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी रक्षामंत्री ने भारत से बाहर इस तरह से शस्त्र पूजा की हो। राजनाथ की इस शस्त्र पूजा में लड़ाकू विमान राफेल भी शामिल था। फ्रांस ने भारत को RB 001 राफेल विमान सौंप दिया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विजयदशमी के मौके पर मंगलवार को 36 राफेल विमानों में से पहले विमान को औपचारिक रूप से हासिल कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने राफेल विमान में 30 मिनट की उड़ान भरी।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस में मंगलवार को कहा कि राफेल सौदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निर्णायक क्षमता के कारण संभव हुआ। उन्होंने कहा, राफेल विमान के अधिग्रहण के बाद भारत की सामरिक क्षमता निश्चित रूप से बढ़ी है। लेकिन हमले के लिहाज से नहीं, बल्कि आत्मरक्षा के लिहाज से यह बढ़ी है। बता दें कि भारत ने फ्रांस और दसॉ एविएशन के साथ 36 राफेल विमान के लिए एक अंतर-सरकारी समझौता किया है। इन विमानों की कीमत 59,000 करोड़ रुपये है। 

Tags:    

Similar News