ट्रेड वार पर यूरोपीय संघ की अमेरिका को चेतावनी, बौखलाए ट्रंप

ट्रेड वार पर यूरोपीय संघ की अमेरिका को चेतावनी, बौखलाए ट्रंप

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-03 11:39 GMT
ट्रेड वार पर यूरोपीय संघ की अमेरिका को चेतावनी, बौखलाए ट्रंप
हाईलाइट
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोटरसाइकिल कंपनी हार्ले-डेविडसन को चेतावनी दी है।
  • कंपनी अपना प्रोडक्शन अमेरिका से बाहर ले जाती है तो उसको यूरोपीय संघ की तरह ही बड़ा झटका सहना पड़ सकता है।
  • यूरोपीय संघ ने भी अमेरिका को वाहनों पर भारी शुल्क लगाने की धमकी को लेकर आगाह किया है।

डिजिटल डेस्क, ब्रसेल्स। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोटरसाइकिल कंपनी हार्ले-डेविडसन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी अपना प्रोडक्शन अमेरिका से बाहर ले जाती है तो उसको यूरोपीय संघ की तरह ही बड़ा झटका सहना पड़ सकता है। वहीं यूरोपीय संघ ने भी अमेरिका को वाहनों पर भारी शुल्क लगाने की धमकी को लेकर आगाह किया है। यूरोपीय संघ ने कहा है कि यदि अमेरिका ऐसा करता है तो इस पर जवाबी कदम उठाया जाएगा। इससे अमेरिका की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचेगा। 

 

ट्रंप ने कहा यूरोप भी चीन जितना ही बुरा 

बता दें कि शुक्रवार को अमेरिकी अधिकारियों को लिखे पत्र में कड़ी चेतावनी दी गई है। वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि व्यापार को लेकर यूरोप भी संभवत: चीन जितना ही बुरा है। ट्रंप ने कहा कि इस कंपनी ने अपना कुछ विनिर्माण कार्य अमेरिका से बाहर ले जाने का निर्णय ऐसे समय में किया है, जब हमने भारत से कहकर इस प्रसिद्ध मोटरसाइकिल पर शुल्क कम कराया है। हालांकि ट्रंप ने कहा कि भारत सरकार ने हार्ले डेविडसन पर शुल्क को 75 प्रतिशत से 50 प्रतिशत करने की घोषणा की थी। 

 

व्यापार विवाद के संकेत

प्रेसीडेंट ट्रंप ने इसे नाकाफी बताते हुए इसे परस्पर बराबर करने की बात कही थी क्योंकि अमेरिका में मोटरसाइकिलों के आयात पर शून्य टैक्स है। अमेरिका के इस्पात और एल्युमीनियम पर शुल्क लगाने के बाद यूरोपीय संघ समेत अन्य देशों ने भी अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क लगाने की घोषणा की थी। यूरोपीय संघ द्वारा लगाए गए जवाबी शुल्क से बचने के लिए हार्ले डेविडसन ने दूसरे देशों में उत्पादन स्थानांतरित करने की घोषणा की थी। ट्रंप ने कहा कि हार्ले को भी यूरोपीय संघ की तरह ही बड़ा झटका लग सकता है। उनका यह तंज दोनों पक्षों के बीच बढ़ते व्यापार विवाद का संकेत है। यूरोपीय संघ ने अमेरिका में बनी जींस और हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिल पर शुल्क जैसे को तैसा के तर्ज पर लगाया है। 

 

यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष करेंगे विवाद सुलझाने की कोशिश

अब अमेरिका ने भी जवाब में यूरोपीय कारों के आयात पर 20 प्रतिशत का शुल्क लगाने की चेतावनी दी है। इसकी पुष्टि भी आगामी महीनों में हो सकती है। ट्रंप ने कहा, ‘‘वे हमारे यहां मर्सिडीज भेजते हैं, लेकिन हम अपनी कारें नहीं भेज सकते। यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जीन क्लाउड जंकनर जुलाई के अंत तक व्यापार विवादों को सुलझाने के लिए अमेरिका जाएंगे।दूसरी तरफ, ट्रंप ने चीन के खिलाफ लगाए आयात शुल्क से कदम वापस खींचने से मना कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि आयात शुल्क के दायरे में चीन की 50,000 करोड़ डॉलर की वस्तुओं को लाया जा सकता है।


चीन के 5,000 करोड़ डॉलर मूल्य के उत्पादों पर अमेरिका पहले ही 25 फीसद आयात शुल्क पहले ही लगा चुका है। जिसके जवाब में चीन ने अमेरिका के करीब 3,400 करोड़ डॉलर मूल्य के उत्पादों के आयात पर शुल्क लगाया है। उसने कहा है कि अगर अमेरिका ने कदम पीछे नहीं खींचे, तो वह 20,000 करोड़ डॉलर मूल्य के अतिरिक्त अमेरिकी आयात पर शुल्क लगा सकता है।

Similar News