वियतनाम में बाढ़ और भूस्खलन से 37 की मौत, 40 लापता

वियतनाम में बाढ़ और भूस्खलन से 37 की मौत, 40 लापता

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-12 06:35 GMT
वियतनाम में बाढ़ और भूस्खलन से 37 की मौत, 40 लापता


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरी और मध्य वियतनाम में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से 37 लोगों की मौत हो गई। इस भीषण त्रासदी में 40 लोग लापता हैं लेकिन अभी तक किसी का कोई पता नहीं चला है। राष्ट्रीय आपदा राहत एजेंसी ने गुरुवार को यह जानकारी दी है कि बाढ़ की वजह से हा तिन्ह और नाहे अन प्रांत ज्यादा प्रभावित हुए हैं। 

इस प्राकृतिक आपदा से अब तक 17 हजार लोगों को बाहर निकाला गया है। 2000 मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए तथा 18 हजार मकान आंशिक रूप से डूब गए या नष्ट हो गए हैं। पानी जमा होने के कारण आठ हजार हेक्टेयर जमीन में धान की फसल बर्बाद हो गई है और 40 हजार मवेशी या तो मारे गए हैं या बह गए हैं। 
इस आपदा में 6 प्रांत बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उत्तरी और मध्य क्षेत्र में भारी बारिश हुई है। कृषि मंत्री नागुएन जुआन ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब इतनी भारी मात्रा में बारिश हुई हो।

भारत में इस बार बाढ़ ने मचाया कहर
भारत के 4 राज्य असम, बिहार, यूपी, गुजरात में बाढ़ ने इस बार प्रलयकारी स्थिति पैदा कर दी थी। बाढ़ के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित बिहार हुआ था। यहां बाढ़ में मरने वालों की संख्या 350 तक पहुंच गई थी और एक करोड़ बीस लाख लोग प्रभावित हुए थे। बाढ़ से ज्यादा अररिया और चंपारण जिले में मौतें हुई थी।

नेपाल में भी बारिश ने मचाई तबाही
नेपाल में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 91 लोग मारे गए थे। वहां तीन दिनों में भारी बारिश के चलते बाढ़ आ गई थी। 

चीन भी बाढ़ के कहर से नहीं बच पाया
चीन के हुनान और गुआंग्शी प्रांतों में बारिश के बाद आई बाढ़ से 47 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 22 लापता हो गए थे। बाढ़ की वजह से 12 करोड़ से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। 38,000 से अधिक घर ढह गए और लगभग 880,000 हेक्टेयर फसलें नष्ट हो गई थी। 

Similar News