केरल में बाढ़ : इमरान बोले- हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है पाकिस्तान

केरल में बाढ़ : इमरान बोले- हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है पाकिस्तान

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-23 16:11 GMT
हाईलाइट
  • केरल में आई भीषण बाढ़ में 375 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
  • पाक पीएम इमरान ने केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए की मदद की पेशकश।
  • बाढ़ से केरल राज्य को 20 हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान में सत्ता परिवर्तन के बाद से भारत-पाक सम्बंधों में मधुरता आने की उम्मीदें जताई जा रही थी। यह अब सच होता भी दिखाई दे रहा है। पाकिस्तान के नए वजीर-ए-आजम इमरान खान ने केरल में आई विनाशकारी बाढ़ और इसमें हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस भयंकर त्रासदी पर दुख जताते हुए मानवीय मदद की भी पेशकश की है।

इमरान ने एक ट्वीट कर कहा है, "हम पाकिस्तान की पूरी जनता की ओर से केरल में बाढ़ से तबाह हुए लोगों के लिए दुआ मांगते हैं। हमारी संवेदनाएं बाढ़ पीड़ितों के साथ हैं। हम इस परिस्थिति में हर संभव मानवीय मदद करने के लिए तैयार हैं।"

 


गौरतलब है कि केरल में आई भीषण बाढ़ में 375 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं करीब 13 लाख लोग इस समय राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। केंद्र सरकार भी इस त्रासदी को ‘गंभीर प्रकृति की आपदा’ घोषित कर चुकी है। देशभर से राज्य सरकारें, विभिन्न संस्थान और आम आदमी अपनी ओर से मदद राशि और राहत सामग्री केरल भेज रहे हैं। विदेशों से भी राहत सामग्री और मदद राशि भेजी जा रही है।

केरल सरकार के अनुसार बाढ़ से राज्य को 20 हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है। इस नुकसान से उबरने में और फिर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्विकास कार्यक्रम में लम्बा समय लगना है। फिलहाल बारिश थमने से केरल में थोड़ी राहत है।

 

Similar News