रूस में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी, व्लादिमीर पुतिन की जीत के आसार

रूस में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी, व्लादिमीर पुतिन की जीत के आसार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-18 08:36 GMT
रूस में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी, व्लादिमीर पुतिन की जीत के आसार

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। राष्ट्रपति चुनाव के लिए रूस में आज से मतदान प्रक्रिया जारी है। रूस के समयानुसार सुबह आठ बजे रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई, जबकि मॉस्को में मतदान नौ घंटे बाद शुरू होगा। इस बार व्लादिमीर पुतिन के जीतने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। अगर वह जीत जाते हैं तो वह चौथी बार देश का राष्ट्रपति पद संभालेंगे। देश के पूर्वी क्षेत्रों कामचोतका और चुकोत्का में भी देश के 11.1 करोड़ नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बता दें कि रूस में राष्ट्रपति का कार्यालय छह साल का होता है। 


सबसे लंबे समय तक रहा पुतिन का कार्यकाल

बता दें कि चुनावी मैदान में पुतिन के सामने कोई मजबूत प्रतिद्वंद्वी नहीं है। उनके सबसे बड़े राजनीतिक विरोधी एलेक्सी नवालनी के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा है। इस दौड़ में पुतिन (65) को स्पष्ट विजेता के तौर पर देखा जा रहा है। पुतिन अगर इन चुनावों में जीतते हैं तो वह चौथी बार देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होंगे। वह पहले ही जोसेफ स्टालिन के बाद सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाले नेता बन चुके हैं, इस जीत के बाद वह वर्ष 2024 तक राष्ट्रपति पद पर रहेंगे।

 

 

प्रेसीडेंट बनने की रेस में ये भी

रूस के समयानुसार मतदान प्रक्रिया सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक चलेगी। वहीं नतीजों का ऐलान 19 मार्च को होगा। बता दें कि इस दौड़ में सात उम्मीदवार चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं, जिनमें ऑल पीपुल्स यूनियन पार्टी के सर्गेइ बाबुरिन, कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार पावेल ग्रुडिनि, निर्वतमान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन , सिविल इनिशिएटिव पार्टी के उम्मीदवार सेनिया सोबचाक, कम्युनिस्ट्स ऑफ रसिया पार्टी के अध्यक्ष मैक्सिम सुरायकिन, बोरिस तितोव, योबलोको पार्टी के सहसंस्थापक ग्रिगोरी यावलिन्सकी और लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ रसिया के प्रमुख व्लादिमीर जिरिनोवस्की हैं। 

 

 

गौरतलब है कि  पुतिन वर्ष 2000 तथा वर्ष 2004 में रूस के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए थे। रूस में कोई भी व्यक्ति लगातार दो बार से अधिक राष्ट्रपति नहीं बन सकता। इस वजह से वह वर्ष 2008 राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ सके लेकिन अपने सहयोगी दिमित्री मेदवेदेव को राष्ट्रपति बनवाने में कामयाब रहे और खुद प्रधानमंत्री बन गए। श्री पुतिन वर्ष 2012 में एक बार फिर राष्ट्रपति बने और राष्ट्रपति के कार्यकाल को चार वर्ष बढ़ाकर छह वर्ष करवा दिया।

 

हिमाचल प्रदेश में भी बना पोलिंग बूथ

रूस के जो नागरिक भारत में रह रहे हैं उनके लिए हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में पोलिंग बूथ बनाया गया है। नागर में अंतर्राष्ट्रीय आर्ट गैलरी में काम करने वाले रूसी नागरिकों के लिए बूथ बनाया गया था, जहां वोटिंग की गई। इससे पहले रूसी दूतावास दिल्ली में वोटिंग की प्रक्रिया पूरी कराता था। 

 

जनमत सर्वे में पुतिन को लगभग 70 प्रतिशत मतदाताओं का समर्थन मिलता दिखाया गया है। सर्वे में पुतिन को उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी से लगभग 10 गुना अधिक मतदाताओं का समर्थन मिलता दिखाया गया है। क्रीमिया क्षेत्र की निवासी मरियन्ना शनिना ने कहा, “वह (पुतिन) हमारे राष्ट्रपति हैं। हम उन पर गर्व करते हैं।”

Similar News