Video : रूस के राष्ट्रपति पुतिन पारंपरिक रिवाज को निभाने के लिए उतरे बर्फीले पानी में

Video : रूस के राष्ट्रपति पुतिन पारंपरिक रिवाज को निभाने के लिए उतरे बर्फीले पानी में

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-19 09:24 GMT
Video : रूस के राष्ट्रपति पुतिन पारंपरिक रिवाज को निभाने के लिए उतरे बर्फीले पानी में

 

 

 

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हमेशा से ही अपने अनोखे कामों की वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। इस बार भी उन्होंने अपनी 65 की उम्र में एक अनोखा काम कर डाला है। बुधवार को पुतिन ने परंपरागत तरीके से ईसाइयों का प्रमुख त्यौहार "एपिफनी" मनाया। त्यौहार के रिवाज के अनुसार पुतिन ने इस कड़ाके की ठंड में झील के बर्फीले पानी में डुबकी लगाई और इस पारंपरिक पर्व को मनाया। "एपिफनी" को "प्रभुप्रकाश" त्यौहार के नाम से भी जाना जाता है। यह ईसाइयों का परंपरागत त्यौहार है और इसे लगभग 200ईं. से मनाया जा रहा है।

 

                                

 

रूस के टीवी चैनल ने दिखाया कि पुतिन ने सेलेगर झील के बर्फीले पानी में डुबकी लगाई है, यह झील मास्को से करीब 400 किमी उत्तर की दिशा में है। उन्होंने भेड़ की चमड़ी वाला कोट और बूट पहन रखा था। अपने कोट और बूट को उतारकर पुतिन ने पानी में प्रवेश किया और बर्फीले पानी में सिर डुबाकर इस पर्व की परंपरा को निभाया।

जिस वक्त पुतिन ने झील में डुबकी लगाई, उस दौरान वहां का तापमान शून्य से छह डिग्री नीचे था। हर साल "एपिफनी" के दौरान रूढ़िवादी ईसाई जॉर्डन नदी में ईसा मसीह के "बपतिस्मा" को मनाने के लिए नदियों और झीलों में डुबकी लगाते हैं। बता दें कि ईसाइयत में "बपतिस्मा" जल के प्रयोग के साथ किया जाने वाला एक धार्मिक काम है, जिसके द्वारा किसी व्यक्ति को चर्च की सदस्यता प्रदान की जाती है। खुद ईसा मसीह का बपतिस्मा किया गया था।

बता दें कि रूस में आगामी 18 मार्च को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने हैं इस रेस में एक बार फिर पुतिन दौड़ने की तैयारी में हैं। पुतिन कम्युनिस्ट शासन में पले-बढ़े हैं। राष्ट्रपति के रूप में वह रूसी रूढ़िवादी समारोहों में लगातार मौजूद रहे हैं और समाज में चर्च को बड़ी आवाज भी दी है।

झील में मछली पकड़ते हुए सामने आई थी पुतिन की फोटो

पिछले साल अगस्त में पुतिन की साइबेरिया में एक पर्वत झील में मछलियों को पकड़ने और अगस्त 2009 में छुट्टी के दौरान घोड़े की सवारी करते हुए उनकी शर्ट-लेस फोटो सामने आई थी।

                                  

 

                                   

Similar News