4000 करोड़ रुपए में बिकेगा सहारा का अमेरिका स्थित प्लाजा होटल

4000 करोड़ रुपए में बिकेगा सहारा का अमेरिका स्थित प्लाजा होटल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-05 14:33 GMT
4000 करोड़ रुपए में बिकेगा सहारा का अमेरिका स्थित प्लाजा होटल

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। सहारा ग्रुप के अमेरिका स्थित फेमस होटल ‘प्लाजा’ के अब जल्द ही बिकने की उम्मीद है। इस होटल को खरीदने के लिए दो निवेशकों ने रुचि दिखाई है। इन दो निवेशकों ने अमेरिका में स्थित होटल ‘प्लाजा’ में सहारा ग्रुप की पार्टनरशिप खरीदने की इच्छा जताई है। दोनों ही निवेशकों ने इस होटल की कीमत करीब 4000 करोड़ रुपए लगाई है। 25 जून तक यह सौदा पूरा होने की उम्मीद है। हालांकि अभी तक मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से ही यह बात सामने आई है। सहारा ग्रुप की ओर से इस पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

बता दें कि प्लाजा होटल में सुब्रत राय सहारा के मालिकाना वाले सहारा ग्रुप की हिस्सेदारी करीब 70 प्रतिशत है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि सहारा ग्रुप की ओर से इस सौदे को हरी झंडी दिखा दी गई है। वहीं होटल कोराबारी संत सिंह चटवाल, जिनके पास होटल प्लाजा की 5 फीसदी हिस्सेदारी है, उन्होंने भी इस सौदे के लिए हामी भर दी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि दुबई स्थित व्हाइट सिटी वेंचर्स के संस्थापक शहल खान और हकीम ऑर्गेनाइजेशन के कामरान हकीम वे निवेशक हैं जो होटल प्लाजा को खरीदने के लिए आगे आए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में तो यह भी कहा जा रहा है कि सौदे के तहत दोनों खरीदारों ने फिलहाल 200 करोड़ रुपये जमा भी करा दिए हैं।

प्लाजा होटल 1907 में बना था। यह इकलौता होटल है जो ऐतिहासिक स्थलों के राष्ट्रीय रजिस्टर में दर्ज है। इस ऐतिहासिक होटल का मालिकाना हक एक समय में डोनाल्ड ट्रंप की कंपनी के पास था, लेकिन बाद में उनकी कंपनी ने इसे सहारा को बेच दिया था। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक सहारा ग्रुप फिलहाल अपने निवेशकों की रकम लौटाने के लिए सेबी-सहारा बैंक खाते में धन जमा करने में जुटा हुआ है। इसके लिए समूह भारत और विदेश में अपनी कई संपत्तियां बेच रहा है। इसी क्रम में सहारा समूह अमेरिका की इस संपत्ति को भी बेचने की काफी समय से कोशिश कर रहा था।

Similar News