फ्रांस: 72 घंटे में चर्च पर दूसरा हमला, बंदूकधारी ने लियोन में चर्च बंद कर रहे पादरी को मारी गोली

फ्रांस: 72 घंटे में चर्च पर दूसरा हमला, बंदूकधारी ने लियोन में चर्च बंद कर रहे पादरी को मारी गोली

Bhaskar Hindi
Update: 2020-10-31 20:14 GMT
फ्रांस: 72 घंटे में चर्च पर दूसरा हमला, बंदूकधारी ने लियोन में चर्च बंद कर रहे पादरी को मारी गोली
हाईलाइट
  • गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार
  • पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी
  • लियोन शहर में शनिवार को एक पादरी पर हमला

डिजिटल डेस्क, पेरिस। फ्रांस में चर्च पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। यहां चर्च पर पिछले 72 घंटे में हमले की दूसरी वारदात सामने आई है। शनिवार को लियोन शहर में शॉटगन से लैस एक बंदूकधारी ने ऑर्थोडॉक्स पादरी को गोली मार दी। हमले में घायल ग्रीस की नागरिकता वाले पादरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार नजदीक से गोली मारने के कारण पादरी को गंभीर चोट लगी है।

पादरी को गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, पादरी पर शाम 4 बजे के करीब दो बार फायरिंग हुई। हमला उस वक्त हुआ जब वो चर्च को बंद कर रहे थे। घायल पादरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

फ्रांस के आंतरिक मंत्रालय ने दी जानकारी
फ्रांस के आंतरिक मंत्रालय ने ट्वीट किया कि दक्षिण-पूर्वी शहर लियोन में यह घटना हुई है। सुरक्षा और आपातकालीन कर्मी घटनास्थल पर हैं। मंत्रालय ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से घटना वाजी जगह से दूर रहने की अपील की गई है। आंतरिक मंत्रालय ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि हमला आतंकवाद से संबंधित है या किसी आपसी रंजिश में अंजाम दिया गया है।

तीन दिन पहले नीस के चर्च पर हुआ था आतंकी हमला
तीन दिन पहले गुरुवार सुबह 21 साल के ट्यूनिशयाई मूल के आतंकी ने नीस के चर्च पर हमला कर दिया था। हमलावर ने महिला का गला काट दिया था। हमला तब हुआ जब चर्च में अच्छी खास संख्या में लोग प्रार्थना के लिए जुटे थे। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ में हमलावर को गोली मार दी थी। नीस के मेयर ने बताया कि जब हमलावर को गोली लगने के बाद प्राथमिक उपचार दिया जा रहा था तब उसने अल्लाहू अकबर चिल्लाया था। फ्रांस में पैंगबर मोहम्मद के कार्टून को लेकर छिड़ी बहस के बीच ही ये हमला हुआ।  

पेरिस के उपनगरीय इलाके में एक शिक्षक की हत्या
इससे पहले पेरिस के उपनगरीय इलाके में एक शिक्षक की हत्या कर दी गई थी। शिक्षक की हत्या पैगंबर मोहम्मद का कार्टून द‍िखाने पर की गई थी। इस घटना के बाद फ्रांस के राष्‍ट्रपति इम्मैन्युअल मैक्रों ने अभिव्‍यक्ति की आजादी के अध‍िकार का जमकर समर्थन किया था। इस टिप्पणी के बाद राष्‍ट्रपति इम्मैन्युअल मैक्रों का जमकर विरोध किया जा रहा है। भारत में भी कई जगह फ्रांसीसी राष्ट्रपति के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। इन सबके बीच पीएम मोदी ने नीस के चर्च में हुए हमले की निंदा की।

फ्रांस में हाई अलर्ट 
फ्रांस में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण शुक्रवार को दूसरे लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। लेकिन, सरकार ने सोमवार तक के लिए पूजा स्थलों को इससे छूट दी है। इसी कारण बड़ी संख्या में लोग रविवार को ऑल सेंट्स डे मनाने की तैयारियों में जुटे थे। लेकिन, इन हमलों के बाद अब पूरे फ्रांस में अलर्ट के स्तर को बढ़ा दिया गया है।

Tags:    

Similar News