काबुल में आत्मघाती हमला, 29 की मौत, 52 घायल

काबुल में आत्मघाती हमला, 29 की मौत, 52 घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-21 11:51 GMT
काबुल में आत्मघाती हमला, 29 की मौत, 52 घायल

डिजिटल डेस्क, काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में बुधवार को आत्मघाती हमला हुआ है। इस हमले में 29 लोगों की मौत हो गई है, वहीं करीब 52 लोग घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इनमें से कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ISIS ने इस हमले को अंजाम दिया है। हालांकि ISIS की ओर से इस पर अभी कोई टिप्पणी नहीं आई है।

हमला बुधवार दोपहर को काबुल यूनिवर्सिटी और अली अबाद अस्पताल के पास कार्त-ए-चार इलाके में हुआ। इस हमले को कार बम धमाके के जरिए अंजाम दिया गया। बुधवार को यहां लोग पर्शियन नववर्ष के स्वागत के तौर पर नवरोज पर्व का जश्न मना रहे थे। फिलहाल इलाके को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया है। यहां सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।

गृह मंत्रालय की ओर से इस हमले पर बयान जारी कर कहा गया है कि नवरोज के मौके पर हुए इस हमले की जांच की जा रही है। इसमें ISIS का हाथ हो सकता है। उधर, अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बम धमाके में 29 लोगों के मारे जाने और 52 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।

इससे पहले अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में जनवरी के अंतिम सप्ताह में एक भयावह बम धमाका हुआ था। धमाके में 95 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। धमाका विस्फोटक से भरी एक एंबुलेंस में उस समय हुआ था, जब एंबुलेंस पुलिस चेक पोस्ट के पास से गुजर रही थी। धमाके की जगह के आसपास कई देशों के दूतावास भी थे। हमलावर इन्हीं दूतावासों को निशाना बनाने के उद्देश्य से आया था। इस हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली थी।

जनवरी में ही तालिबान ने काबुल की होटल इंटरकॉन्टिनेंटल पर भी हमला किया था। इसमें 20 लोगों की मौत हुई थी और दर्जनों घायल हुए थे। इस अटैक में 4 बंदूकधारी ताबड़तोड़ गोलीबारी करते हुए होटल में घुस गए थे। यहां उन्होंने कई लोगों को बंधक बना लिया था। लंबे समय तक चली मुठभेड़ के बाद अफगान फोर्स ने चारों आतंकियों को मार गिराया था।
 

Similar News