अमेरिका की सभी देशों को धमकी, हमसे व्यापार करना है तो ईरान से तोड़ो नाता

अमेरिका की सभी देशों को धमकी, हमसे व्यापार करना है तो ईरान से तोड़ो नाता

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-07 11:17 GMT
अमेरिका की सभी देशों को धमकी, हमसे व्यापार करना है तो ईरान से तोड़ो नाता
हाईलाइट
  • अब जो भी देश ईरान के साथ व्यापार जारी रखेगा वह अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पाएगा।
  • अमेरिका ने इस फैसले के साथ ही विश्व के तमाम देशों को धमकी भी दी है।
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान पर नए सिरे से प्रतिबंध लगा दिए हैं।

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान पर नए सिरे से प्रतिबंध लगा दिए हैं। अमेरिका ने इस फैसले के साथ ही विश्व के तमाम देशों को धमकी भी दी है। धमकी देते हुए ट्रंप ने कहा है कि अब सभी देशों के लिए अमेरिका या ईरान में से किसी एक देश के साथ ही व्यापार करना संभव हो सकेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि जिस भी देश को हमसे व्यापार करना है, उसे ईरान से नाता तोड़ना होगा। मतलब अब जो भी देश ईरान के साथ व्यापार जारी रखेगा वह अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पाएगा।

बता दें कि ट्रंप के इस फैसले के बाद विश्व में सबसे ज्यादा असर चीन और फिर उसके बाद भारत देश पर ही पड़ने वाला है। चीन के बाद भारत ईरान का दूसरा सबसे बड़ा तेल आयातक है। अमेरिका के इन प्रतिबंधों का असर अब ईरान और भारत के बीच व्यापार पर भी दिखने लगा है। भारत ने आहिस्ता-आहिस्ता ईरान से व्यापार को लेकर किनारा करना शुरू भी कर दिया है। याद हो कि अभी जून में ही भारत ने ईरान से 12 फीसदी कम तेल आयात किया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अपने ट्विटर एकाउंट से एक पोस्ट शेयर करते हुए ईरान पर लगाए प्रतिबंधों के बारे में बताया। ट्रंप ने ट्वीट करते हुए लिखा, "ईरान पर नए सिरे से लगाए गए प्रतिबंध आधिकारिक तौर पर लागू हो गए हैं। यह नवंबर में अगले स्तर तक जाएंगे। यह अब तक के सबसे कड़े प्रतिबंध हैं। ईरान के साथ जो भी व्यापार करेगा वह अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर सकेगा। मैं सिर्फ दुनिया के लिए शांति मांग रहा हूं, उससे कम नहीं!"

 

.
प्रतिबंध का पहला चरण लागू
बता दें कि इसी साल मई 2018 में अमेरिका ने ईरान के साथ 2015 की न्यूक्लियर डील को तोड़ दी थी। साथ ही ईरान पर फिर से नए आर्थिक प्रतिबंध लगाने का ऐलान कर दिया था। यह प्रतिबंध दो चरणों में लागू करने की घोषणा की थी। सात अगस्त को प्रतिबंध का पहला और चार नवंबर को दूसरा सेट लागू किया जाएगा। इसी के तहत अगस्त के इस पहले हफ्ते में प्रतिबंध का पहला चरण आधिकारिक तौर पर लागू हो गया है।

Similar News