पुतिन का दावा: रूस ने तैयार कर लिया है दुनिया में कहीं भी हमला करने वाला परमाणु हथियार 

पुतिन का दावा: रूस ने तैयार कर लिया है दुनिया में कहीं भी हमला करने वाला परमाणु हथियार 

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-01 15:20 GMT
पुतिन का दावा: रूस ने तैयार कर लिया है दुनिया में कहीं भी हमला करने वाला परमाणु हथियार 

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। परमाणु हथियार बनाने के क्षेत्र में अग्रणी रूस ने एक ऐसा परामाणु हथियार तैयार कर लिया है जो पूरी दुनिया में कहीं भी मार करने में सक्षम है। रूसी राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन ने राष्ट्रपति चुनावों से पूर्व दिए गए अपने आखिरी भाषण में ऐसा हथियार बना लेना का दावा किया है। साथ ही पुतिन ने यह भी दावा किया है कि इस मिसाइल को रोक पाना नामुमकिन है और यह हर लक्ष्य को भेदने की क्षमता रखता है। रूस के अधिकारिक सरकारी टीवी पर प्रसारित किए इस भाषण के दौरान पुतिन ने लोगों को इस हथियार का एक प्रेजेंटेशन भी दिखाया। बता दें की इस असीमित रेंज वाले क्रूज मिसाइल का नाम अभी नहीं चुना गया है। बता दें कि रूस का रक्षा मंत्रालय हथियारों को सर्वश्रेष्ठ नाम देने के लिए राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता करवाता है।

पुतिन ने आगे बताते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे ड्रोन भी तैयार कर लिए हैं जिन्हें पनडुब्बियों से छोड़ा जा सकेगा और उनमें भी परमाणु हमला करने की क्षमता होगी। रूसी नेता ने जोर देते हुए कहा कि मिसाइल सुरक्षा प्रणाली को विकसित करने के लिए नए हथियारों के विकास पर जोर दिया गया है। पुतिन ने अपनी ताकत का खम भरते हुए कहा है कि अब तक दुनिया में ऐसा कुछ भी नहीं है और यदि किसी ने ऐसा कुछ तैयार भी कर लिया तो उस समय तक हम उससे भी बेहतर हथियार विकसित कर लेंगे। उन्होंने आगे बोलते हुए कहा कि यूरोप और एशिया में बिछे अमेरिकी डिफ़ेंस सिस्टम भी इसे नहीं रोक सकते। बता दें कि चीन और अमेरिका भी ऐसी मिसाइल तैयार करने की कोशिश में लगे हुए हैं।

समीक्षकों के अनुसार रूसी राष्ट्रपति का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के सैन्य ताकत बढ़ाने वाले बयान का जवाब माना जा रहा है। असल में अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले माह परमाणु हथियार बढ़ाने और छोटे बमों को तैयार करने की बात कही थी। 2 घंटे के अपने भाषण के दौरान पुतिन ने लिविंग स्टैंडर्ड को और भी बेहतर बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।  गौरतलब है कि रूस में 18 मार्च को  राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं और पुतिन को राष्ट्रपति के तौर पर अपना चौथा कार्यकाल पाने की पूरी संभावना है।

Similar News