भारत को जब लगेगा, तब वह OBOR में शामिल हो जाएगा : चीनी मीडिया

भारत को जब लगेगा, तब वह OBOR में शामिल हो जाएगा : चीनी मीडिया

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-27 18:57 GMT
भारत को जब लगेगा, तब वह OBOR में शामिल हो जाएगा : चीनी मीडिया

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन की वन बेल्ट वन रोड परियोजना में भारत के शामिल न होने पर चीनी मीडिया ने तंज कसा है। चीनी मीडिया ने लिखा है कि OBOR में शामिल होना न होना भारत पर निर्भर करता है। हम भारत की मानसिकता को नहीं बदल सकते। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है, "भारत को जब यह महसूस होगा कि OBOR प्रॉजेक्ट उसके लिए लाभदायी है, तब वह उसका हिस्सा बन जाएगा। यह फैसला भारत को ही लेना है। चीन अपने पड़ोसी देश के फैसले और मानसिकता को नहीं बदल सकता।"

इसके साथ ही ग्लोबल टाइम्स ने भारत-चीन के बीच 73 दिनों तक चले डोकलाम विवाद का भी जिक्र किया है। आर्टिकल में लिखा गया है कि साल 2017 भारत चीन संबंधों के लिए सबसे खराब रहा, लेकिन आने वाले समय में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध बहुत अच्छे हो सकते हैं अगर परस्पर संवाद और विश्वास कायम रहे।

लेख में यह भी कहा गया है कि भारत-चीन के बीच विवाद के कईं कारण रहे हैं। इनमें से सीमा विवाद, तिब्बत को लेकर भारत का रूख और चीन-पाक संबंधों को लेकर भारत की चिंता प्रमुख विवाद रहे हैं। लेख में यह भी कहा गया है कि इन तीन विवादों का आने वाले समय में भी समाधान मुश्किल नजर आ रहा है। लेख में इसके अलावा एनएसजी में भारत का रास्ता रोकने, मसूद अजहर को ग्लोबल आतंकी करार देने और प्रतिबंध लगाने के विरोध को भी तनाव की वजह बताया गया है।

क्या है OBOR
चीन ने जमीन और समुद्री रास्तों से व्यापार मार्गों को बेहतर बनाने के लिए OBOR प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस प्रोजेक्ट में कई हाईस्पीड रेल नेटवर्क होंगे, जिसका विस्तार यूरोप तक होगा। दुनिया के 60 देशों को अपने करीब लाने और दुनिया की दो तिहाई आबादी को अपनी अर्थव्यवस्था से सीधे जोड़ने के लिए चीन ने यह प्रोजेक्ट शुरू किया है।

Similar News