असम में आफत की बारिश, बाढ़ के चलते 1 लाख से ज्यादा लोग हुए प्रभावित, मप्र समेत इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बदरा, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

  • असम में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं
  • एमपी में 25 जून तक मानसून की एंट्री

Juhi Verma
Update: 2023-06-22 09:10 GMT

डिजिटल डेस्क, भोपाल। देश के पूर्वोत्तर राज्य असम में इन दिनों बाढ़ से हाहाकार मची हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक, यहां के 20 जिलों के 1 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित नलबाड़ी जिला है जहां करीब 45 हजार लोग इससे पीड़ित हैं वहीं इसके बाद बाक्सा और लखीमपुर जिले के 26 और 25 हजार लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं।

आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट में बताया गया है कि असम की सीमा से लगे राज्यों और भूटान देश में हो रही भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है।

चारों ओर तबाही का मंजर

जानकारी के मुताबिक, राज्य में बाढ़ से हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। इंसान से लेकर पशु, पक्षी और जानवरों का बुरा हाल है। यहां के करीब 780 गांवों का बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। वहीं कई शहर भी बाढ़ से प्रभावित हैं। पानी के तेज बहाव से कई पुल और सड़कें बह गए हैं। 

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 22 और 25 जून को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और झारखंड समेत 8 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं विभाग ने आने वाले 4 दिनों में असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं बात करें बीते 24 घंटे की तो इस दौरान पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हुई। इसके अलावा राजधानी दिल्ली, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक, केरल, ओडिशा और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। 

एमपी में इस दिन होगी मानसून की एंट्री

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मानसून आने वाले 3 दिन यानी 25 जून को प्रदेश में दस्तक दे सकता है। इस बार मानसून जबलपुर, शहडोल, बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, बालाघाट, नरसिंहपुर और अनूपपुर में पहले आ सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, बिपरजॉय तूफान की एक्टिविटी के चलते मानसून पूर्वी क्षेत्र की तरफ से तेजी से बढ़ रहा है। इस बार प्रदेश में मानसून की एंट्री पूर्वी जिले से पहले होगी। अगले 72 घंटे में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत प्रदेशभर में मानसून पहुंच जाएगा।

इन जिलों में होगी तेज बारिश

आने वाले तीन दिनों में राज्य के भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा पन्ना,नर्मदापुरम, बैतूल, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना और अशोकनगर में तेज बारिश होने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है।

वहीं महातूफान बिपरजॉय के असर से प्रदेश के राजस्थान और गुजरात की सीमा से सटे जिलों में भारी बारिश होने के आसार मौसम विभाग ने जताए हैं। विभाग के मुताबिक इस दौरान यहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

बात करें बीते 24 घंटे की तो प्रदेश के टीकमगढ़ और निमाड़ी जिलों में भारी बारिश होने से बाढ़ जैसे हालात बन गए। लगातार हुई बारिश से यहां के कई नदी-नाले उफान पर आ गए। इन जिलों के कई गांवों में पानी भरने की भी सूचना है। 

Tags:    

Similar News