आधे मंत्री भ्रष्टाचार में फंसे, 20 विधायक अयोग्य हुए, केजरीवाल अब इस्तीफा दें : कांग्रेस

आधे मंत्री भ्रष्टाचार में फंसे, 20 विधायक अयोग्य हुए, केजरीवाल अब इस्तीफा दें : कांग्रेस

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-19 15:43 GMT
आधे मंत्री भ्रष्टाचार में फंसे, 20 विधायक अयोग्य हुए, केजरीवाल अब इस्तीफा दें : कांग्रेस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग द्वारा आम आदमी पार्टी (AAP) के 20 विधायकों को अयोग्य घोषित करार देने के बाद दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि अरविंद केजरीवाल को अब दिल्ली का मुख्यमंत्री बने रहने का कोई अधिकार नहीं हैं। उन्हें सत्ता छोड़ देना चाहिए।

अजय माकन ने ट्वीट किया, "केजरीवाल को दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उनकी कैबिनेट के लगभग आधे मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोपों में हटा दिया गया। वहीं मंत्रियों का भत्ता प्राप्त कर रहे 20 विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया गया।" उन्होंने लिखा, "लोकपाल कहां है? विधायक और मंत्री सत्ता का दुर्पयोग कर विदेश यात्रा पर जा रहे हैं। राजनीतिक ईमानदारी कहां है?"


बता दें कि आयोग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आप के 20 विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया है। आयोग ने विधायकों की सदस्यता खत्म करने की सिफारिश राष्ट्रपति को भेजी दी है। इन विधायकों को संसदीय सचिव बनाए जाने के चलते यह कार्रवाई हुई है। इसके बाद पार्टी ने शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट में गुहार लगाई तो यहां से भी केजरीवाल सरकार को राहत नहीं मिली है।

हाई कोर्ट ने AAP को फटकार लगाते हुए कहा है कि आप ने खुद से ही तय कर लिया कि चुनाव आयोग के पास जाना है कि नहीं। कोर्ट के मुताबिक, जब पार्टी चुनाव आयोग के पास गई ही नहीं तो वह कैसे कह सकती है कि उसकी इस मामले में सुनवाई नहीं हुई। आप पार्टी ने यहां तर्क दिया था कि इस मामले में चुनाव आयोग ने पार्टी की बात नहीं सुनी।

Similar News