भोपाल शेल्टर होम में मासूमों के साथ हैवानियत, आरोपी संचालक गिरफ्तार

भोपाल शेल्टर होम में मासूमों के साथ हैवानियत, आरोपी संचालक गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-15 04:35 GMT
भोपाल शेल्टर होम में मासूमों के साथ हैवानियत, आरोपी संचालक गिरफ्तार
हाईलाइट
  • MP: भोपाल के शेल्टर होम में यौन शोषण का मामला।
  • पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
  • मूक बधिर छात्र- छात्राओं ने संचालक पर रेप और प्रताड़ना का आरोप लगाया।
  • होशंगाबाद और बैरागढ़ में हॉस्टल संचालित करता है आरोपी एमपी अवस्थी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सरकारी शेल्टर होम में यौन शोषण का मामला सामने आया है। यहां मूक बधिर छात्र- छात्राओं ने संचालक पर रेप और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। हालांकि मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आगे की जांच जारी है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है।  

 




 

बच्चों के अलावा कांग्रेस ने भी थाने में की शिकायत

इतना ही नहीं कांग्रेस ने मामले को उठाया और भोपाल के कई थानों में शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में जांच करते हुए तीन FIR दर्ज की। दो FIR टीटी नगर थाने में जीरो पर दर्ज की गई, जिसकी केस डायरी होशंगाबाद और भोपाल के खजूरी थाने को भेजी गई। इसके अलावा तीसरी FIR खजूरी थाने में दर्ज हुई। यह FIR करीब दस मूक-बधिर छात्र और छात्राओं की शिकायत पर दर्ज की गई है। इसमें हॉस्टल संचालक एमपी अवस्थी के साथ उसके भाई और केयरटेकर के पति पर FIR दर्ज की गई है। 


मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

शुक्रवार देर रात आरोपी संचालक एमपी अवस्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में दो आरोपी एमपी अवस्थी और कविता चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं, इस मुद्दे को उठाने वाली शोभा ओझा ने प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है।

 

कांग्रेस की मीडिया प्रभारी ने सरकार पर लगाया आरोप 

शोभा ओझा के मुताबिक पिछले साल भी एक बच्ची ने सामाजिक न्याय विभाग में शिकायत की थी, लेकिन शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद उसने होशंगाबाद कलेक्टर से शिकायत की और जांच में उसकी शिकायत सही पाई गई। इस घटना के बाद विकलांग केंद्र को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया।


संचालक की प्रताड़ना से बच्चो ं की मौत भी हुई

जानकारी के मुताबिक आरोपी संचालक एमपी अवस्थी के होशंगाबाद और बैरागढ़ में दो हॉस्टल हैं। आरोपी के बैरागढ़ में हॉस्टल को सामाजिक न्याय विभाग से ग्रांट मिलता है। छात्रों के मुताबिक आरोपी हॉस्टल संचालक 2010 से अलग-अलग छात्रों को दरिंदगी का शिकार बनाता आ रहा था। फिलहाल पुलिस ने संचालक एमपी अवस्थी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस मामले में एक और खुलासा हुआ है जिसमें यह बात सामने आई है कि हॉस्टल संचालक बच्चों को बुरी तरह प्रताड़ित करता था। प्रताड़ना के चलते करीब आठ साल पहले तीन बच्चों की मौत भी हो चुकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मामले में छात्राओं के बयान के बाद और कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।


भोपाल में पहले भी सामने आ चुके हैं यौन शोषण के मामले   

गौरतलब है कि इससे पहले भी भोपाल के अवधपुरी इलाके में स्थित एक शेल्टर होम से में मूक बधिर लड़कियों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया था। यहां रहकर आईटीआई कर रहीं युवतियां प्रशिक्षण पूरा कर 2 अगस्त 2018 को काउंसलिंग के लिए इंदौर के विजयनगर में मूक बधिर परामर्श केंद्र पहुंची थी। यहां उन्होंने शिक्षक ज्ञानेंद्र पुरोहित और मोनिका पुरोहित को हॉस्टल संचालक अश्विनी शर्मा के छात्रावास में होने वाली प्रताड़ना के बारे में बताया था। जिसके बाद हॉस्टल संचालक के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। छात्रा ने पुलिस को बताया था तीन सहेलियों की मौजूदगी में अश्विनी ने उसे मोबाइल पर गंदी फिल्में दिखाईं फिर उसके साथ रेप भी किया।

Similar News