बिहार चुनाव : राजद ने 42 तथा कांग्रेस ने 21 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की

बिहार चुनाव : राजद ने 42 तथा कांग्रेस ने 21 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की

IANS News
Update: 2020-10-07 16:32 GMT
बिहार चुनाव : राजद ने 42 तथा कांग्रेस ने 21 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की
हाईलाइट
  • बिहार चुनाव : राजद ने 42 तथा कांग्रेस ने 21 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की

पटना, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को 42 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की, वहीं इसकी सहसयोगी पार्टी कांग्रेस ने भी 21 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है।

राजद ने जहां पूर्व विधायक और नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी राजवल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को टिकट थमाया है, वहीं मोकामा से बाहुबली नेता अनंत सिंह को टिकट दिया है।

राजद के अधिकारिक ट्विटर अकाउंट से जारी प्रत्याशियों की सूची में राजद ने तीन मुस्लिम नेताओं को प्रत्याशी बनाया है। गोविंदपुर सीट से जहां पार्टी ने मोहम्मद कामरान को प्रत्याशी बनाया है, वहीं रफीगंज से मोहम्मद नेहालुद्दीन को तथा बांका से जावेद अंसारी को प्रत्याशी बनाया गया है।

इधर, राजद की सहयोगी कांग्रेस ने भी बुधवार को 21 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। कहलगांव से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे सदानंद सिंह के पुत्र शुभानंद मुकेश को टिकट दिया गया है, वहीं भागलपुर जिले के ही सुल्तानगंज क्षेत्र से युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ललन कुमार को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।

कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में केवल एक महिला को प्रत्याशी बनाया है। पार्टी ने हिसुआ से नितू कुमारी को प्रत्याशी बनाया है। चेनारी से कांग्रेस ने मुरारी गौतम को जबकि औरंगाबाद से आनंद शंकर सिंह को तथा बक्सर से संजय कुमार तिवारी को प्रत्याशी बनाया है।

इधर, बिहार में राजग से अलग होकर चुनाव लड़ रही लोक जनशक्ति पार्टी ने अब तक अपने प्रत्याशियों की अधिकारिक सूची जारी नहीं की है।

उल्लेखनीय है कि महागठबंधन के तहत कांग्रेस, राजद और वामपंथी दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। राजद के हिस्से जहां 144 सीटें आई हैं, वहीं कांग्रेस 70 सीटों पर प्रत्याशी उतार रही है। इसके अलावा भाकपा माले के हिस्से 19 सीटें आई हैं, जबकि सीपीएम को चार और सीपीआई को छह सीटें दी गई हैं।

बिहार में पहले चरण की वोटिंग 28 अक्टूबर को होगी। दूसरे चरण में 3 नवंबर और तीसरे चरण में 7 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणाम 10 नवंबर को निकलेंगे।

एमएनपी/एएनएम

Tags:    

Similar News