भाजपा नागरिकता कानून को लेकर 15 जनवरी तक चलाएगी जनसंपर्क अभियान

भाजपा नागरिकता कानून को लेकर 15 जनवरी तक चलाएगी जनसंपर्क अभियान

IANS News
Update: 2019-12-26 16:30 GMT
भाजपा नागरिकता कानून को लेकर 15 जनवरी तक चलाएगी जनसंपर्क अभियान

नई दिल्ली, 26 दिसंबर (आईएएनएस)। नागरिकता संशोधन कानून(सीएए) को लेकर देश में जगह-जगह हो रहे विरोध को देखते हुए भाजपा अब व्यापक जनजागरण अभियान चलाकर लोगों की शंकाओं का समाधान करने में जुटी है।

भाजपा ने संगठन के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी बैठक गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय पर की। इसमें कई राज्यों के वरिष्ठ नेताओं सहित केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय इकाई के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तत्काल प्रभाव से 15 जनवरी तक नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश भर में जनजागरण अभियान चलाने का निर्देश दिया। पार्टी पदाधिकारी बुद्धिजीवियों से मिलने से लेकर नगर-नगर और गांव-गांव जाकर जनता के सामने कानून की सही तस्वीर रखेंगे।

कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि नागरिकता कानून को लेकर विपक्ष देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में 15 जनवरी तक पूरे देश में जिला, ब्लाक और गांव स्तर तक जनजागरण अभियान चलाकर विपक्ष के फैलाए झूठ को तार-तार किया जाए। लोगों को बताया जाए कि नागरिकता कानून पड़ोसी देशों में अत्याचार के शिकार हुए अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने के लिए है न कि किसी की नागरिकता लेने के लिए। जेपी नड्डा ने मुस्लिमों के बीच जाकर भी भाजपा नेताओं को भ्रम दूर करने का निर्देश दिया।

बैठक में कहा गया कि संपर्क और संवाद से ही किसी समस्या का हल निकलता है। जब देश के लोगों को नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी आदि के बारे में सही जानकारी होगी तो फिर विपक्ष किसी को बरगला नहीं सकेगा।

इस बैठक में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत कुमार गौतम, बैजयंत जय पंडा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, किरण रिजिजू, मुख्तार अब्बास नकवी, गजेंद्र सिंह शेखावत, अनुराग ठाकुर आदि नेता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News