पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंती नटराजन के घर CBI छापा, केस दर्ज

पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंती नटराजन के घर CBI छापा, केस दर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-09 12:26 GMT
पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंती नटराजन के घर CBI छापा, केस दर्ज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) के शासनकाल में केंद्रीय पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री रही जयंती नटराजन पर झारखंड के एक मामले में पद के दुरुपयोग को लेकर प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) ने उनके चेन्नई स्थित आवास पर छापा मारा। सीबीआई ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंती नटराजन, इलेक्ट्रो स्टील कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक उमंग केजरीवाल और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ पद के दुरुपयोग और आपराधिक साजिश रचने की रिपोर्ट दर्ज की है। 

क्या है मामला
जयंती नटराजन पर 2012 में झारखंड के सिंहभूमि जिले के सारंदा वनक्षेत्र की वनभूमि के डायवर्जन में वन संरक्षण अधिनियम के उल्लंघन के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मनमोहन सरकार में जुलाई 2011 से दिसंबर 2013 तक पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री रही जयंती नटराजन पर आरोप है कि उन्होंने नियमों का उल्लंघन करते हुए 55.79 हेक्टेयर वन भूमि ईसीएल को गैर वन्य उपयोग के लिए दे दी, जबकि उनके पूर्ववर्ती जयराम रमेश ने इसे नियमानुसार गलत बताते हुए खारिज कर दिया था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने आरोप लगाया जयंती नटराजन ने यह वनभूमि महानिदेशक वन और सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए यह वन भूमि खनन के लिए ईसीएल कंपनी को दे दी। 

नटराजन ने राहुल पर लगाई थी आरोप
जयंती नटराजन ने जनवरी 2015 में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के बाद उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर मंत्रालय के कामकाज में हस्तक्षेप के आरोप लगाए थे। नटराजन ने सोनिया गांधी को एक ख़त लिखा था, जिसमें उन्होंने कहा कि पर्यावरण से जुड़ी कई परियोजनाओं में नियमों की अनदेखी करने का राहुल गांधी का दबाव था। उन्होंने अपने पत्र में यह भी संकेत दिया कि इसी खुन्नस की वजह से चुनाव से कुछ दिन पहले ही उन्हें मंत्री पद से हटा दिया था। हालांकि संगठन की जिम्मेदारी को इसकी वजह बताया गया था।

Similar News