Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-07 09:12 GMT

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के कुलगाम में बुरहान वानी की बरसी से एक दिन पहले ही आतंकी हिंसक हो गए हैं। शनिवार को सेना और पत्थरबाजों के बीच झड़प में आम नागरिकों की जान चली गई। कुलगाम जिले के खुदवाणी इलाके में आर्मी और पत्थरबाजों के बीच हुई झड़प में तीन नागरिकों की मौत हुई है। मृतकों में एक नाबालिग लड़की भी शामिल है। वहीं जवानों सहित कई लोग घायल हुए हैं।

 

16 साल की लड़की सहित 3 नागरिकों की मौत 

दरअसल शनिवार सुबह खुदवाणी इलाके में सेना के सर्च ऑपरेशन के दौरान पत्थरबाजों ने जमकर हंगामा किया। सेना ने जब उन्हें हटाने का प्रयास किया तो पत्थरबाजों ने सेना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिसके बाद दोनों के बीच झड़प में तीन नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय अंदलीब, 20 वर्षीय इरशाद माजिद और 22 वर्षीय शाकिर अहमद के रूप में हुई है। ये सभी कुलगाम के हावुरा के रहने वाले हैं। वहीं जवानों सहति करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की भी खबर है। 

 

बुरहान वानी की बरसी से पहले झड़प

सेना और पत्थरबाजों के बीच ये झड़प आतंकी बुरहान वानी की दूसरी बरसी से पहले बुलाए गए बंद के दौरान हुई है। अलगाववादियों ने हिज्बुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी की दूसरी बरसी पर जम्मू कश्मीर में बंद का आह्वान किया है।

 

इंटरनेट सेवाएं बंद

घटना के बाद कुलगाम और अनंतनाग में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। पुलवामा और त्राल समेत कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। आतंकी बुरहान की बरसी पर आतंकी हमले से बचने के लिए श्रीनगर नेशनल हाईवे के 300 किमी के इलाके में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

 

हथियारों का जखीरा हुआ था बरामद

इस घटना से पहले शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ के जंगल से सेना ने हथियारों और गोला- बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया था। सेना के एक अधिकारी ने बताया था कि बरामद हथियारों में 11 IED भी शामिल थे।

 

मुठभेड़ में ढेर हुआ था बुरहान वानी

गौरतलब है कि आतंकी बुरहान वानी 8 जुलाई 2016 को दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग के कोकरनाग में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। जिसके बाद घाटी में लंबे समय तक प्रदर्शन हुआ था।

Similar News