योगी आदित्यनाथ का प्रियंका गांधी पर हमला-शहजादी सिखा रही गालियां

योगी आदित्यनाथ का प्रियंका गांधी पर हमला-शहजादी सिखा रही गालियां

Bhaskar Hindi
Update: 2019-05-04 02:49 GMT
योगी आदित्यनाथ का प्रियंका गांधी पर हमला-शहजादी सिखा रही गालियां

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि जिस उम्र में बच्चों को संस्कार सिखाने की जरूरत है। कांग्रेस की शहजादी उन्हें गालियां सिखा रही है। यहीं है कांग्रेस का असली चरित्र। सीएम योगी फतेहपुर की जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 

गरीबों का हक खा जाते थे
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि, दलाल और चाटुकार गरीबों का हक खा जाते थे। इस कारण गरीबों को उनका हक नहीं मिलता था। कांग्रेस को सिर्फ दलाली से मतलब है। उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने देश को बपौती मान लिया था, अब देशभर में चल रही मोदी लहर से वो परेशान है। इसलिए अब वे गाली-गलौज पर उतर चुके हैं।" 

कांग्रेस पास नहीं कोई विजन
सीएम योगी ने कहा कि, आप सभी इस शाही परिवार के बारे में कांग्रेस से पूछिए कि इन्होंने 55 सालों में क्या किया। कांग्रेस ने सिर्फ युवाओं को बेरोजगार कर पलायन कराने को मजबूर किया। उन्होंने कहा, "जब कभी देश में प्राकृतिक आपदा आती है तो आपने राहुल गांधी को किसी की सहायता करते हुए देखा है। कांग्रेस के पास देश के विकास के लिए कोई विजन नहीं है।"

देश को सल्तनत मान लिया
उन्होंने कहा कि, एक परिवार ने पूरे देश को अपनी सल्तनत मान लिया है, लेकिन यहां के लोगों के लिए कुछ नहीं किया। योगी ने कहा, "मसूद अजहर के वैश्विक आतंकवादी घोषित होने से एक बात साबित हो गई है कि मोदी है तो मुमकिन है।" सीएम ने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा, "मसूद के वैश्विक आतंकी घोषित होने से आतंकियों के नाम के आगे जी लगाने वालों के घर में शोक की लहर है।"

प्रियंका ने लगवाए नारे
बता दें कि प्रियंका गांधी अमेठी में राहुल गांधी के लिए प्रचार करने पहुंची थी। इस दौरान बच्चों ने उनके सामने चौकीदार चोर है के नारे लगाए, जब बच्चे ये नारा लगाते रहे प्रियंका मुस्कुराते हुए सिर हिलाती रहीं। जैसे ही बच्चों ने आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया, प्रियंका ने रोका और कहा, ये वाला नहीं, अच्छा नहीं लगेगा, अच्छे बच्चे बनों। इस मामले को लेकर बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने प्रियंका को नोटिस भी भेजा था। प्रियंका ने अपनी सफाई में कहा था कि, उन्होंने बच्चों को नारे लगाने से रोकते हुए कहा था कि अच्छे नारे लगाएं। 


 

Tags:    

Similar News