राजधानी दिल्ली समेत देश के कई शहरों में शीतलहर, कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत

राजधानी दिल्ली समेत देश के कई शहरों में शीतलहर, कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत

Bhaskar Hindi
Update: 2018-12-20 03:39 GMT
राजधानी दिल्ली समेत देश के कई शहरों में शीतलहर, कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत
हाईलाइट
  • दिल्ली समेत देश के कई शहरों में शीतलहर
  • घने कोहरे ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत
  • देश के पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ी बर्फबारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत देश के कई शहरों में कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार को दिल्ली में तापमान गिरकर 5.2 डिग्री तक पहुंच गया। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के चलते देशभर में ठंड बढ़ने लगी है। वहीं दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, सर्द हवाओं के चलते यहां लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास भी हुआ। इससे पहले मौसम वैज्ञानिकों ने भी गुरुवार की सुबह धुंध और कोहरा छाने का पूर्वानुमान जताया था। भारत में अभी ठंड और बढ़ने की आशंका है।


पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ी बर्फबारी
पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों पर भी ​देखने को मिल रहा है। इसके चलते दिल्ली एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में है। सर्दी के साथ ही कोहरा भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कोहरे का असर यातायात पर भी पड़ रहा है, कोहरे के कारण कई ट्रेनें लेट चल रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने गुरुवार को अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। वहीं दिल्ली में पिछला मंगलवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, मंगलवार को पारा 5.1 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था। यह इस सीजन के औसत से तीन डिग्री कम था।


पंजाब-हरियाणा भी चपेट में
पंजाब और हरियाणा पिछले कुछ दिनों से शीतलहर की चपेट मे है। बुधवार को ज्यादातर इलाकों में तापमान इस मौसम में सामान्य तापमान से कम रहा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पंजाब का आदमपुर शहर एक बार फिर दोनों प्रदेशों में सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, फरीदकोट क न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं बठिंडा का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक रहा।

कश्मीर में शून्य के नीचे तापमान
कश्मीर घाटी के कई इलाको में तापमान शून्य से भी नीचे गिर गया है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू के कुछ इलाकों में रात का पारा पहले से बेहतर हुआ है। जम्मू में सोमवार को रात का तापमान सबसे कम 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। जबकि राज्य के डोडा जिले के भद्रवाह कस्बे में रात का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले यहां रात का तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

 

 

 

Similar News