Coronavirus in India: देश में 10 लाख के पार हुआ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा, दुनिया में 25 हजार से ज्यादा मौतों वाला आठवां देश भारत 

Coronavirus in India: देश में 10 लाख के पार हुआ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा, दुनिया में 25 हजार से ज्यादा मौतों वाला आठवां देश भारत 

Bhaskar Hindi
Update: 2020-07-16 18:29 GMT
Coronavirus in India: देश में 10 लाख के पार हुआ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा, दुनिया में 25 हजार से ज्यादा मौतों वाला आठवां देश भारत 
हाईलाइट
  • देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मरीज
  • महाराष्ट्र कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। आलम ये है कि लगातार दूसरी बार सिर्फ तीन दिन में एक लाख नए मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इससे पहले 30 जनवरी को पहला केस आने के 109 दिन बाद देश में संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख पहुंचा था। इसके बाद अगले 39 दिन में यानी 26 जून को ये संख्या 5 लाख को पार कर गई थी। इसके बाद अगले 20 दिन में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 5 से 10 लाख के पार हो गया है। संक्रमण से मौतों का आंकड़ा भी 25 हजार को पार कर गया है। भारत दुनिया का आठवां देश है, जहां 25 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना से जान गंवाई है। वहीं सरकारी आंकड़ों के अनुसार देश में 63.25% रिकवरी रेट है। देश में पांच लाख से 10 लाख केस पहुंचने में 20 दिन लगे। वहीं, अमेरिका में 5 से 10 लाख केस 17 दिन में हो गए थे। जबकि, ब्राजील में 20 दिन में मामले 5 लाख से 10 लाख पहुंचे थे।

देश में कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश में अब रोजाना 30 हजार से ज्यादा नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो रही है। Covid19india.org के मुताबिक देश में अब कोरोना वायरस के 10 लाख से ज्यादा मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 16 जुलाई सुबह तक कोरोना वायरस के 9,68,876 संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा 24,915 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो चुकी है। वहीं 6,12,815 कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं। हालांकि अब देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 10 लाख के पार हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के जरिए कोरोना मरीजों का आधिकारिक आंकड़ा अगले दिन सुबह जारी किया जाएगा।

वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने ट्वीट कर जानकारी दी की देश में अब कोरोना वायरस रिकवरी रेट 63.25% हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि देश में कोविड-19 संक्रमण के ज्यादातर मामले मामूली लक्षण वाले हैं। मात्र 0.32% मरीज वेंटिलेटर पर हैं और 3% से भी कम मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत है।

देश में महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य
देश में महाराष्ट्र कोरोना वायरस के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित है। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वायरस के 284281 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं 11194 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में मुंबई कोरोना के सबसे ज्यादा चपेट में है। मुंबई में अब तक 97950 कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं कोरोना के कारण मुंबई में 5523 लोगों की जान जा चुकी है।
 

Tags:    

Similar News