Farmer Protest: किसान बोले- कल 3 बजे तक करेंगे चक्का जाम, मंच पर किसी नेता को नहीं चाहते

Farmer Protest: किसान बोले- कल 3 बजे तक करेंगे चक्का जाम, मंच पर किसी नेता को नहीं चाहते

Bhaskar Hindi
Update: 2020-12-07 13:55 GMT
Farmer Protest: किसान बोले- कल 3 बजे तक करेंगे चक्का जाम, मंच पर किसी नेता को नहीं चाहते
हाईलाइट
  • कल सुबह 11 बजे से 3 बजे तक किसानों का भारत बंद
  • हम हमारे मंच पर किसी भी राजनीतिक नेता को जगह नहीं देंगे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा पारित तीनों कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर जमे किसानों का प्रदर्शन 12वें दिन सोमवार को भी जारी रहा। किसान हर हाल में तीनों कानूनों को निरस्त करवाने के लिए डटे हुए हैं। इसके समर्थन में किसान संगठनों ने आठ दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। देश भर में किसानों द्वारा बुलाए गए इस बंद को समर्थन मिल रहा है। शाम को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसान नेताओं ने कहा कि कल पूरा दिन बंद रहेगा। यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा। हमारे मंच पर किसी राजनेता को जगह नहीं मिलेगी। इस बीच, राजनीतिक दलों के नेताओं का आंदोलन स्थल पर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

बता दें कि किसानों के भारत बंद के आह्वान के बाद राजनीतिक दल इसके लिए मोर्चा संभाल रहे हैं। अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी ने कृषि कानून के मसले पर किसानों के समर्थन की बात ही। दूसरी ओर किसानों ने कहा है कि मंगलवार सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक भारत बंद रहेगा, लेकिन हम मंच पर किसी पार्टी के नेता को नहीं चाहते।

हम हमारे मंच पर किसी भी राजनीतिक नेता को जगह नहीं देंगे
दिल्ली-हरियाणा​​​​​-सिंघु बॉर्डर पर किसान नेता डॉ. दर्शन पाल ने कहा कि भारत बंद हमारा शांतिपूर्ण आह्वान है। सबसे अपील है कि इसे जोर-जबरदस्ती से न करें। राजनीतिक दलों ने जो हमारा समर्थन किया है उसके लिए उनका धन्यवाद, उनसे अपील है कि जब किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए आएं तो अपना झंडा घर छोड़कर आएं। हमारा बंद पूरे दिन रहेगा। दोपहर 3 बजे तक चक्का जाम होगा। यह एक शांतिपूर्ण बंद रहेगा। हम हमारे मंच पर किसी भी राजनीतिक नेता को जगह नहीं देंगे।

वहीं, किसान नेता निर्भय सिंह धुड़िके ने कहा- हमारा प्रदर्शन केवल पंजाब तक सीमित नहीं है। दुनियाभर के नेताओं का इसे समर्थन मिल रहा है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भी हमें सपोर्ट कर रहे हैं। हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्ण है। इससे पहले, किसानों के समर्थन में आज पंजाब के 30 एथलीट्स अवॉर्ड लौटाने राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।

कल सुबह 11 बजे से 3 बजे तक किसानों का भारत बंद
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हम शांति से प्रदर्शन करते रहेंगे। हम आम आदमी को परेशान नहीं करना चाहते। मंगलवार को भारत बंद का समय 11 बजे से 3 बजे तक इसीलिए रखा है, क्योंकि 11 बजे तक ज्यादातर लोग ऑफिस पहुंच जाते हैं और 3 बजे छुट्टी होनी शुरू हो जाती है।

समाजवादी पार्टी किसानों के हर आंदोलन का समर्थन करती है। मुख्यमंत्री जी ये बताएं धान कितने में खरीदा गया है किसानों से, मक्के की क्या कीमत दी गई थी और गन्ने की फसल का अभी तक बकाया है किसानों का, ये कब बताएगी सरकार: लखनऊ से सपा प्रमुख अखिलेश यादव

हमने किसान के घर में जन्म लिया है। हमारी पार्टी के 10 के 10 विधायक किसान के घर में जन्में हैं। कैसे हो सकता है हम किसान की बात की चिंता न करें। किसानों की बात सुनी जानी चाहिए, जिस भी बदलाव की जरुरत है,वह सरकार करेगी। मोदी जी की सरकार किसान की सरकार है: दिग्विजय चौटाला JJP नेता

Tags:    

Similar News