राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे का कहर, आज से हो सकता है मौसम में बदलाव, मध्यप्रदेश में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम अलर्ट राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे का कहर, आज से हो सकता है मौसम में बदलाव, मध्यप्रदेश में ऐसा रहेगा मौसम

Anchal Shridhar
Update: 2023-01-12 04:19 GMT
राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे का कहर, आज से हो सकता है मौसम में बदलाव, मध्यप्रदेश में ऐसा रहेगा मौसम
हाईलाइट
  • पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी का अलर्ट

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे का कहर जारी है। घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम दर्ज हुई, जिस कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में दिल्ली से लेकर पंजाब, हरियाणा, यूपी और बिहार में घने कोहरे की पर्त छाई हुई थी। इसका सबसे ज्यादा असर रेल यातायात पर पड़ा। जानकारी के मुताबिक, घने कोहरे की वजह से उत्तर भारत में 95 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।

2-3 दिनों में फिर से चलेगी शीतलहर 

मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली एनसीआर में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। हालांकि पश्चिमी विक्षोम के कारण यहां के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। विभाग के अनुसार जैसे ही पश्चिमी विक्षोम का असर कम और पहाड़ी राज्यों से बर्फीली हवाएं आएंगी तो फिर से उत्तर भारत के राज्यों में शीतलहर चलने लगेगी। मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी में बीते 1 हफ्ते में भीषण शीतलहर देखी गई, जो कि साल 2019 के बाद जनवरी महीने में इस दशक में सबसे ज्यादा थी। इसके अलावा जनवरी के इन 11 दिनों में 50 घंटे से अधिक समय का घना कोहरा दर्ज किया गया जोकि 2019 के बाद सबसे ज्यादा है। 

पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी का अलर्ट 

पश्चिमी विक्षोम की वजह से अगले 4 से 5 दिन पहाड़ी राज्यों हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर में मौसम में बदलाव होगा। यहां भारी हिमपात देखने को मिल सकता है। बात करें हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की तो यहां आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। वेस्टर्न डिस्टर्वेंस के कारण यहां अगले पांच दिन मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने शिमला समेत राज्य के अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात का रेड अलर्ट जारी किया है। आज सुबह शिमला के नारकंडा में भारी बर्फबारी दर्ज की गई। 

इसके अलावा उत्तराखंड के कई इलाकों में भी आज तेज बर्फबारी हुई, जिससे जमीन पर बर्फ की मोटी चादर बिछ गई।  

 

मध्यप्रदेश में फिर करवट लेगा मौसम

बात करें मध्यप्रदेश की तो यहां उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश होने और पहाड़ी राज्यों से आने वाली ठंडी हवाओं की वजह से आने वाले 3-4 दिनों में फिर से शीतलहर चलने के आसार हैं। मकर संक्रांति से शीतलहर का असर राजधानी भोपाल समेत राज्य के अन्य इलाकों पर पड़ता दिखाई देने लगेगा। इस समय राज्य में सुबह के समय घना कोहरा और शाम को शीतलहर चलने के आसार हैं। 

बात करें बीते 24 घंटे की तो राज्य में बीते एक सप्ताह से पड़ रही कड़ाके की ठंड से राहत मिली। बुंदेलखंड, बघेलखंड, महाकौशल और चंबल क्षेत्रों में इस दौरान तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। जिससे लोगों को कंपकंपाती ठंड से थोड़ी राहत मिली। 

Tags:    

Similar News