डील पर घमासान, फ्रांस बोला- 'लड़ाकू विमानों से भारत को फायदा'

डील पर घमासान, फ्रांस बोला- 'लड़ाकू विमानों से भारत को फायदा'

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-16 02:55 GMT
डील पर घमासान, फ्रांस बोला- 'लड़ाकू विमानों से भारत को फायदा'

डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। फ्रांस  के राष्ट्रपति एमानुएल मैक्रोन 8 दिसंबर को पहली बार भारत यात्रा पर आएंगे। उनके इस दौरे से भारत को काफी उम्मीदें हैं। जिनमें से सबसे अहम रहेगा तीन अतिरिक्त फ्रांसीसी पनडुब्बियों की बिक्री और 36 राफेल लड़ाकू विमानों का ऑर्डर। फ्रांस के साथ विमान सौदे से भारत को बड़ा फायदा होने वाला है, लेकिन भारत और फ्रांस के बीच विमान की डील पर कांग्रेस ने ही सवाल खड़े किए हैं, जिसका जवाब खुद फ्रांस ने ही दिया है। फ्रांस ने राफेल विमान सौदे को भारत के फायदे में बताते हुए कहा है कि इसका चुनाव इसके शानदार प्रदर्शन और प्रतिस्पर्धात्मक कीमतों के चलते किया गया है। फ्रांसीसी दूतावास ने बुधवार को बताया कि इसकी खरीद में पूरी तरह से पारदर्शी प्रक्रिया का पालन किया गया है। इस करार से भारत में रक्षा उत्पादन उद्योग का विकास होगा। 

उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप

गौरतलब है कि फ्रांस से 36 लड़ाकू विमानों की खरीद पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने मंगलवार को सवाल उठाया था। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा था कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राफेल सौदे में अपने उद्योगपति दोस्त के लिए देश की सुरक्षा से समझौता किया, इस डील से सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचेगा।" राफेल विमान खरीद में कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने मोदी सरकार पर घोटाले का आरोप लगाया है। सुरजेवाला का कहना है कि राफेल खरीद में कोई पारदर्शिता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जहाजों की कीमत 526 करोड़ है जबकि सौदा 1571 करोड़ का हुआ है।

दावा करने से तथ्यों को जांचें : फ्रांस

फ्रांस के राजनयिक सूत्रों ने इसे घरेलू राजनीतिक मामला बताते हुए इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन साथ ही कहा कि किसी भी तरह का दावा करने से पहले तथ्यों की जांच कर लेनी चाहिए। बता दें राफेल फ्रांस की दासो कंपनी के जरिए बनाया गया दो इंजन वाला लड़ाकू विमान है। ये एक मिनट में साठ हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंच सकता है। साथ ही ये 2200 से 2500 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है।

राहुल बोले, पीएम से क्यों नहीं पूछते सवाल 

इस बीच राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि वो उनसे तो काफी सवाल पूछते हैं, जिनके वो जवाब भी देते हैं, लेकिन राफेल डील और अमित शाह को लेकर वो प्रधानमंत्री से सवाल क्यों नहीं पूछते ?

 

Similar News