केंद्रीय मंत्री गिरिराज का एक और विवादित बयान, कहा - 2047 तक फिर हो सकता है भारत का बंटवारा

केंद्रीय मंत्री गिरिराज का एक और विवादित बयान, कहा - 2047 तक फिर हो सकता है भारत का बंटवारा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-17 03:11 GMT
केंद्रीय मंत्री गिरिराज का एक और विवादित बयान, कहा - 2047 तक फिर हो सकता है भारत का बंटवारा
हाईलाइट
  • केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का एक और विवादित बयान
  • गिरिराज सिंह बोले 2047 में हो सकता है भारत का बंटवारा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विवादित बयान देकर सुर्खियां बटोरने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर अजीबोगरीब बयान दिया है। गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि 2047 में एक बार फिर देश का बंटवारा हो सकता है। उन्होंने लिखा कि 1947 में धर्म के आधार पर ही देश को बांटा गया था, वैसी ही परिस्थिति फिर से 2047 तक निर्मित होगी। 72 सालों में जनसंख्या 33 करोड़ से बढ़कर 135.7 करोड़ हो गई है। विभाजनकारी ताकतों का जनसंख्या विस्फोट भयावह है। अभी तो 35A के बहस पर हंगामा हो रहा है, आने वाले वक़्त में तो एक भारत का ज़िक्र करना असंभव होगा।


गिरिराज का विशेष धर्म पर निशाना
गिरिराज सिंह देश के पुनः विभाजन आजादी के 100 साल बाद 2047 में होने की बात कर कहे हैं। उनके बयान से साफ जाहिर  है कि वो किसी एक धर्म विशेष पर निशाना साध रहे हैं। गिरिराज सिंह के ट्वीट करने के बाद कई लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई। इससे पहले भी गिरिराज सिंह कई विवादित बयान दे चुके हैं। वो अपने गाय, मॉब लिंचिंग, हिन्दू धर्म, गंगा पर दिए विवादित बयानों के कारण जमकर ट्रोल भी हुए हैं।

एनआरसी विवाद में भी शामिल
एनआरसी विवाद पर भी केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा था कि एनआरसी में जिन लोगों का नाम शामिल नहीं है वो घुसपैठिए हैं, गिरिराज सिंह ने कहा था कि उन्हें जहां जाना होगा जाएंगे, हमनें कोई ठेका लिया है? साथ ही केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा था कि वे लोग वोट के सौदागर हैं जो घुसपैठियों के मानवाधिकार की बात कर रहे हैं।

राहुल की यात्रा को फर्जी बताया था
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी हाल ही में कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गए थे। इस दौरान उन्होने अपने ट्वीटर हैंडल पर कुछ तस्वीरें शेयर की थी, इन तस्वीरों को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने फर्जी करार दिया था। बाद में पड़ताल के दौरान तस्वीरें सही पाई गई थी और गिरिराज सिंह काफी ट्रोल भी हुए थे।

 

Similar News