मुंबई में बारिश से राहत-आफत एक-साथ, अगले 48 घंटे मुश्किल भरे

मुंबई में बारिश से राहत-आफत एक-साथ, अगले 48 घंटे मुश्किल भरे

Bhaskar Hindi
Update: 2019-06-28 08:57 GMT
हाईलाइट
  • बारिश से मुंबई की सड़कों पर लगा जाम
  • कई इलाकों में जलभराव
  • मुबंई में बारिश से हाल-बेहाल
  • मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में भारी बारिश की संभावना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भीष्ण गर्मी से तप रहे मुंबई शहर को जहां बारिश से राहत मिली है। वहीं बारिश ने कई आफत भी दे दी है। लगातार हो रही बारिश से मुंबई की सड़कों पर जाम लग गया है। लोग घंटो जाम में फंसे हुए हैं। शहर के कई इलाकों में जलभराव होने लगा है। वहीं, तेज हवाओं के साथ बारिश होने के कारण विजिबिलिटी भी कम हो गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 48 घंटे मुंबई के लिए मुश्किल भरे होंगे ! यहां देखें, मुंबई में बारिश से हाल-बेहाल...

सड़कों पर लगा जाम
मुंबई में सड़को पर जलभराव होने की वजह से ट्रैफिक बाधित हो रहा है। BEST रूट नंबर 494 और 499 को मखमली तलाव ठाणे में जलभराव के कारण वंदन टॉकीज से डायवर्ट कर दिया गया है। शीव में जलभराव के कारण रूट नंबर 25,22, 302, 305 और 213 को मेन रोड से डायवर्ट कर दिया गया है। रूट नंबर 1,4, 5, 6, 7, 8, 11 और 21 को हिंदमाता सिनेमा, दादर में जलभराव के कारण हिंदमाता ब्रिज से डायवर्ट कर दिया गया। शिवड़ी को जाने वाले बसें शारदा टॉकीज से डायवर्ट कर दी गई। इसके अलावा भी कई इलाकों में ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया। लगातार बारिश की वजह से लोगों को घंटो जाम में रास्ता खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। बारिश के कारण मुंबई के लालबाग फ्लाइओवर पर ट्रैफिक धीमा है। अंधेरी ईस्ट की तेली गली में ट्रैफिक जाम कि स्थिति बनी हुई है।अंधेरी वेस्ट से ईस्ट के बीच ट्रैफिक धीमा है। वहीं देवनार से शिवाजी सर्कल के बीच ट्रैफिक की हालत बेकार है। बांद्रा में एसवी रोड पर नेशनल कॉलेज के पास जलभराव होने से यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट किया है। इसके अलावा जेजे फ्लाइओवर पर ट्रैफिक पर धीमा है साथ ही जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर जाम लगा हुआ है।

मुंबई लोकल की रफ्तार पड़ी धीमी
सड़कों के अलावा पटरी पर गति धीमी हुई है। मुंबई की लोकल ट्रेन भी बारिश की वजह से धीमी गति से चल रही है। स्टेशनों पर लोगों की भारी भीड़ जमा, वेस्टर्न रेलवे पर और सेंट्रल रेलवे पर ट्रेन आधे घंटे की देरी से चल रही हैं ट्रेनें। ट्रेन के रफ्तार धीमी होने की वजह से लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

जलभराव की समस्या
मुंबई बीएमसी की तैयारी के बाद भी पहली बारिश में निगम की पोल खुलती नजर आ रही है। बारिश के कारण मुंबई के कई निचले इलाकों में जलभराव की समस्या देखी जा रही है। मुंबई के टकिंग्स सर्कल पर पानी भरा हुआ है। वहीं अंधेरी सबवे जलभराव के कारण बंद है। इसके अलावा सांताक्रूज के मिलन सबवे में तीन साल बाद भारी जलभराव देखा गया है और ठाणे मखमली तलाव, शीव और हिंदमाता सिनेमा के सामने पानी भरा है। 

 

कोलाबा स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक 27 जून से 1 जुलाई के बीच पालघर, ठाणे, मुंबई और रायगड़ में भारी से लेकर सामान्य बारिश हो सकती है जबकि रत्नागिरी में भारी बारिश के आसार हैं। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगड़ में कुछ समय के लिए जारी रहेगी भारी बारिश। अगले 24-36 घंटे तक महाराष्ट्र में भारी बारिश का है अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह 10-11 बजे के बीच दादर- 22 मिलीमीटर, वडाला- 22 मिमी, वर्ली- 17 मिमी, विख्रोली- 17 मिमी, कुर्ला- 16 मिमी, बांद्रा- 30 मिमी बारिश हुई है

Tags:    

Similar News