युद्ध की आहट : भारत ने अरुणाचल और सिक्किम बॉर्डर पर बढ़ाई सैनिकों की संख्या

युद्ध की आहट : भारत ने अरुणाचल और सिक्किम बॉर्डर पर बढ़ाई सैनिकों की संख्या

Bhaskar Hindi
Update: 2017-08-11 17:08 GMT
युद्ध की आहट : भारत ने अरुणाचल और सिक्किम बॉर्डर पर बढ़ाई सैनिकों की संख्या

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। डोकलाम विवाद पर चीन से मिल रही धमकियों के बाद भारत ने लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर अपने फौजियों की संख्या बढ़ा दी है। भारत-चीन सीमा पर गहराते तनाव के बीच केन्द्र सरकार ने यह एक बड़ा रणनीतिक कदम उठाया है। सरकारी अधिकारियों ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि डोकलाम क्षेत्र में चीन के अड़ियल रवैये के चलते भारत सरकार ने यह कदम उठाया है।

अधिकारियों ने बताया कि भारत-चीन सीमा पर स्थिति के गहन विश्लेषण के बाद सिक्किम से लेकर अरूणाचल प्रदेश तक करीब 1,400 किलोमीटर लंबी सीमा के पास के इलाकों में सैनिकों की तैनाती बढ़ाने का फैसला किया गया। इंडियन आर्मी के सुकना की 33 कोर्प्स के साथ ही अरूणाचल और असम की 3 और 4 कोर्प्स को पूर्वी क्षेत्र में भारत-चीन की संवेदनशील सीमा के रक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि अधिकारियों ने तैनात किए गए सैनिकों की संख्या नहीं बताई है। साथ ही अधिकारियों ने बताया कि डोकलाम में सैनिकों की संख्या नहीं बढ़ाई गई है। यहां 16 जून से 350 भारतीय जवान मोर्चा संभाले हुए हैं।

रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, सीमा के पास करीब 45 हजार जवानों को हमेशा तैयार रखा जाता है। ये सीमा से सटे क्षेत्र के पर्यावरण के अनुकूल होने की प्रक्रिया के तहत हमेशा तैयार रहते हैं। हालांकि इनमें  से सभी को सीमा पर तैनात नहीं किया जाता है। समुद्र तल से 9,000 फुट से भी ज्यादा की ऊंचाई पर तैनात सैनिकों को मौसम से तालमेल बिठाने की 14 दिन लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।  

गौरतलब है कि भारत-चीन के बीच ताजा विवाद भूटान के डोकलाम क्षेत्र से शुरू हुआ था। यहां चीनी सैनिकों द्वार रोड बनाए जाने को लेकर भारतीय सेना ने आपत्ति जताई थी। भारतीय सैनिकों ने विवादित डोकलाम क्षेत्र में घुसकर चीनी सैनिकों को रोड बनाने से रोक दिया था। इस दौरान दोनों देशों के सैनिकों के बीच हाथापाई भी हुई थी, इस घटना के बाद से भारत के सिक्किम सेक्टर से लगे डोकलाम क्षेत्र में तनाव फैला हुआ है।
 

Similar News