झारखंड : भाजपा की नई समिति में जगह पाने के लिए विधायक, सांसद भी आतुर!

झारखंड : भाजपा की नई समिति में जगह पाने के लिए विधायक, सांसद भी आतुर!

IANS News
Update: 2020-05-25 11:01 GMT
झारखंड : भाजपा की नई समिति में जगह पाने के लिए विधायक, सांसद भी आतुर!

रांची, 25 मई (आईएएनएस)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं में फिर से उत्साह का संचार करने के लिए तथा पार्टी की प्रदेश समिति बनाने को लेकर मंथन का दौर प्रारंभ हो गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच बैठकों का दौर जारी है। इस बार विधायक और सांसद भी समिति में आने के लिए जोड़-तोड़ में लगे हैं।

झारखंड भाजपा अपनी नई समिति के जरिए ही आगे की रणनीति पर भी विचार कर रही है। भाजपा के एक नेता की मानें तो भाजपा की नई समिति की घोषणा जल्द ही होगी। इसको लेकर पार्टी के आला नेताओं के बीच मंथन चल रहा है।

सूत्रों का कहना है कि संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और झारखंड विकास मोर्चा को छोडकर आए तथा भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी सहित कई नेता नई समिति के स्वरूप को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

इधर, प्रदेश समिति को लेकर जोड़तोड़ भी प्रारंभ हो गया है। समिति में जगह पाने के लिए इस बार विधायक और सांसद भी गोटी फिट करने में लगे हैं।

भाजपा के एक नेता की मानें तो कई सांसद और विधायक इस नई समिति में जगह पा सकते हैं। कहा जा रहा है कि राज्य में सरकार नहीं रहने के कारण विधायक और सांसद समिति में जगह पाने को लेकर आतुर हैं, जिसके लिए इनलोगों ने पार्टी के अंदर लॉबिंग तेज कर दी है।

समिति में जगह पाने के लिए प्रदेश के बड़े नेताओं के पास पैरवी भी पहुंचाया जा रहा है। झाविमो के भाजपा में विलय के बाद नई समिति में इन नेताओं को जगह देना होगा। झाविमो से जुड़े रहे करीब आधा दर्जन नेताओं को दीपक प्रकाश के नेतृत्व वाली समिति में जगह मिलने के आसार हैं।

सूत्रों का कहना है कि अभय सिंह को कोई बड़ा पद मिल सकता है जबकि विनोद शर्मा, शोभा यादव को भी समिति में जिम्मेदारी दी जा सकती है। प्रदीप वर्मा को महामंत्री या मुख्यालय प्रभारी बनाया जा सकता है। सुबोध सिंह गुड्ड का नाम भी महत्वपूर्ण पदों के लिए आगे चल रहा है।

पुरानी समिति के कई प्रवक्ताओं की छुट्टी तय मानी जा रही है। पूर्व पुलिस महानिदेषक रहे डी़ के. पांडेय को भी समिति में नया पद मिल सकता है। इसके अलावे पुरानी समिति के कर्मठ कार्यकर्ताओं को तरक्की दी जा सकती है।

सूत्रों का कहना है कि समिति का खाका तैयार होने के बाद केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा और हरी झंडी मिलने के बाद समिति की घोषणा कर दी जाएगी।

सूत्रों का कहना है कि नई समिति के अलावे जल्द ही जिलाध्यक्षों के नामों की भी घोषणा की जाएगी। समिति में भले ही जाति का ध्यान नहीं रखा जाएगा लेकिन जिला अध्यक्षों के नामों को तय करने के पहले संबंधित क्षेत्रों के जाति आधारित राजनीति को साधने की कोशिश की जाएगी।

इधर, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने भी कहा कि प्रदेश समिति की घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मठ और काम करने वाले कार्यकर्ताओं को समिति जगह दी जाएगी। समर्पित कार्यकर्ताओं को भाजपा में सम्मान मिलने का रिवाज रहा है।

Tags:    

Similar News