कर्नाटक: पोर्न देखने वाले नेता सावदी को डिप्टी सीएम बनाने पर विरोध, बर्खास्त करने की मांग

कर्नाटक: पोर्न देखने वाले नेता सावदी को डिप्टी सीएम बनाने पर विरोध, बर्खास्त करने की मांग

Manmohan Prajapati
Update: 2019-08-31 11:08 GMT
कर्नाटक: पोर्न देखने वाले नेता सावदी को डिप्टी सीएम बनाने पर विरोध, बर्खास्त करने की मांग
हाईलाइट
  • उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी को बर्खास्त करने की मांग की
  • कर्नाटक में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
  • कहा सावदी विधानसभा में अश्लील वीडियो देखते हुए पकड़े गए थे

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरू। कर्नाटक में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य के नए उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी के खिलाफ प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतर आई हैं। उन्होंने प्रदर्शन कर उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी को बर्खास्त करने की मांग की है। महिला कार्यकर्ताओं का कहना है कि 2012 में सावदी विधानसभा के अंदर अश्लील वीडियो देखते हुए पकड़े गए थे। इसी कारण हम भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से उन्हें बर्खास्त करने की मांग करते हैं। बता दें कि राज्‍यपाल वजुभाई वाला ने पिछले दिनों लक्ष्मण सावदी समेत 17 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। 

बर्खास्त करने की मांग
कांग्रेस नेता पुष्पा अमरनाथ ने कहा, "2012 में राज्य विधानसभा के अंदर वह अश्लील वीडियो देखते हुए पकड़े गए थे। हम भाजपा अध्यक्ष और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें बर्खास्त करने की मांग करते हैं।" सावदी भाजपा नेता सीसी पाटिल और कृष्णा पालमर के साथ कैमरे में अश्लील वीडियो देखते हुए कैमरे में कैद हुए थे। इसके बाद उनहोंने सफाई देते हुए कहा था कि वह इसे शैक्षिक उद्देश्य से देख रहे हैं। 

उप मुख्यमंत्री का कार्यभार
उनका कहना है कि वर्तमान में सावदी ना ही विधानसभा और ना ही विधान परिषद के सदस्य नहीं हैं। इसके बावजूद येदियुरप्पा सरकार ने उन्हें उप मुख्यमंत्री का कार्यभार सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस-जेडीएस सरकार को अस्थिर करने में सावदी ने अहम भूमिका निभाई थी। वे अयोग्य विधायक रमेश जारकीहोली के करीबी हैं। इससे पहले कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने सावदी को डिप्टी सीएम बनाए जाने को लेकर येदियुरप्पा सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि सावदी ने विधानसभा के अंदर इस तरह की हरकत की थी। वहीं, भाजपा के एक गुट ने भी उन्हें डिप्टी सीएम बनाए जाने का विरोध किया था।

सावदी बोले नहीं मांगा पद
दूसरी ओर लक्ष्मण सावदी ने बेंगलुरू में समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "केंद्र और राज्य के नेताओं ने मुझे डिप्टी सीएम बनाया है। उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया है, मैं पार्टी को मजबूत बनाऊंगा और हमारी सरकार अच्छा नाम करेगी। मैंने यह पद नहीं मांगा था। पार्टी के सीनियर नेताओं ने मुझे यह पद दिया है, मैं इसे स्वीकार करता हूं। बता दें कि कर्नाटक में लक्ष्मण सावदी के अलावा डॉ अश्वत नारायण और दलित नेता गोविंद करजोल को भी डिप्टी सीएम बनाया गया है।

Tags:    

Similar News