कर्नाटक को मिले तीन डेप्युटी CM, पॉर्नगेट मामले में फंसे नेता को भी मिला पद

कर्नाटक को मिले तीन डेप्युटी CM, पॉर्नगेट मामले में फंसे नेता को भी मिला पद

Bhaskar Hindi
Update: 2019-08-27 04:35 GMT
कर्नाटक को मिले तीन डेप्युटी CM, पॉर्नगेट मामले में फंसे नेता को भी मिला पद
हाईलाइट
  • गोविंद करजोल
  • अश्वथ नारायण और लक्ष्मण सावदी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरू। कर्नाटक की बीएस. येदियुरप्पा सरकार में तीन उपमुख्यमंत्री होंगे। कर्नाटक में मुख्यमंत्री बीएस. येदियुरप्पा की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार में सोमवार को मंत्रिमंडल का बंटवारा हुआ। कैबिनेट में तीन नेताओं गोविंद करजोल, अश्वथ नारायण और लक्ष्मण सावदी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। सीएम ने 17 नवनियुक्त मंत्रियों को विभागों की जिम्मेदारी सौंपी। इन मंत्रियों को करीब एक सप्ताह पहले कैबिनेट में शामिल किया गया था। बता दें कि, तीन डेप्युटी सीएम में एक विधानसभा में पोर्न देखने वाले बीजेपी नेता भी शामिल हैं। बीजेपी नेता लक्ष्मण सावदी जिन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया है वह 2012 में राज्य विधानसभा में पॉर्न देखते हुए पकड़े गए थे। इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में हलचल है।

राजभवन की तरफ से सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्यपाल वजुभाई वाला ने मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की सलाह पर गोविंद करजोल, सीएन. अश्वथ नारायण और लक्ष्मण सवादी को उपमुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया है। राज्यपाल ने अन्य 14 मंत्रियों को विभाग भी आवंटित कर दिए हैं। विभागों का आवंटन 21 अगस्त को 17 मंत्रियों के शपथ लेने के एक सप्ताह बाद किया गया है। येदियुरप्पा ने 26 जुलाई को चौथी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और 29 जुलाई को उन्होंने विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया था।

गोविंद करजोल को उपमुख्यमंत्री पद के साथ पीडब्ल्यूडी और सोशल वेलफेयर विभाग दिया गया है। नारायण को उच्च शिक्षा विभाग के साथ आईटी और सावदी को परिवहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। बता दें कि, सावदी न तो विधानसभा के और न ही विधान परिषद के सदस्य हैं। 20 अगस्त को सावदी को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था तब कई बीजेपी विधायकों ने इस पर आपत्ति भी जताई थी।

येदियुरप्पा कैबिनेट में लिंगायत समुदाय से सात, ओबीसी से दो, ब्राह्मण समाज से एक, वोक्कालिगा समुदाय से तीन और एससी-एसटी समुदाय से चार लोगों को मंत्री बनाया गया है। येदियुरप्पा लिंगायत समुदाय से आते हैं। उन्हें लेकर सरकार में आठ लोग लिंगायत समुदाय से हो गए हैं।

  • बसवराज बोम्मई को गृह मंत्रालय का कार्यभार मिला है। 
  • पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को लघु और मध्यम उद्योग का मंत्री बनाया गया।
  • दो पूर्व उपमुख्यमंत्रियों के एस ईश्वरप्पा और आर अशोका को ग्रामीण विकास, पंचायती राज और राजस्व विभाग दिया गया। 
  • बी श्रीरामुलु स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री बनाए गए। 
  • एस सुरेश कुमार को प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्रालय मिला।
  • वी सोमना को आवास, सीटी रवि को पर्यटन, कन्नड़ और संस्कृति, कोटा श्रीनिवास पूजारी को मुजराई, मत्स्य, बंदरगाह और अंतर्देशीय परिवहन, जेसी माधवस्वामी को कानून, संसदीय मामले और विधान, लघु सिंचाई, सीसी पाटिल को माइन्स और भूविज्ञान मंत्रालय आवंटित किया गया। 
  • एच नागेश को एक्साइज, प्रभु चव्हाण को पशुपालन और शशिकला जोले को महिला और बाल विकास मंत्री बनाया गया।
Tags:    

Similar News