MHA की गाइडलाइंस: कंटेनमेंट जोन में 30 नवंबर तक अनलॉक-5 की तरह ही लागू रहेगा लॉकडाउन, देश में मामले 80 लाख के करीब

MHA की गाइडलाइंस: कंटेनमेंट जोन में 30 नवंबर तक अनलॉक-5 की तरह ही लागू रहेगा लॉकडाउन, देश में मामले 80 लाख के करीब

Bhaskar Hindi
Update: 2020-10-27 12:12 GMT
MHA की गाइडलाइंस: कंटेनमेंट जोन में 30 नवंबर तक अनलॉक-5 की तरह ही लागू रहेगा लॉकडाउन, देश में मामले 80 लाख के करीब
हाईलाइट
  • 30 नवंबर तक अनलॉक-5 की तरह ही लागू रहेंगे नियम
  • टॉप-5 संक्रमित देशों में भारत का रिकवरी रेट 90% से ज्यादा
  • देश में अब तक 79 लाख 44 हजार से ज्यादा संक्रमित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कंटेनमेंट जोन में सख्त लॉकडाउन 30 नवंबर तक लागू करने का फैसला लिया है। केंद्र ने मंगलवार को कहा कि 30 सितंबर यानी अनलॉक-5 के लिए जारी की गई गाइडलाइन ही 30 नवंबर तक लागू रहेंगी। गृह मंत्रालय ने कहा कि राज्यों के भीतर और दूसरे राज्यों में आने-जाने पर कोई रोक नहीं रहेगी और ना ही इसके लिए अलग से कोई मंजूरी लेने की जरूरत होगी।

कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने 24 मार्च को पहली बार लॉकडाउन लागू किया था। करीब 3 महीने तक सख्त लॉकडाउन लागू करने के बाद इसमें छूट दी गई। सरकार ने अनलॉक की शुरुआत की। कंटेनमेंट जोन के बाहर सरकार ने अब ज्यादातर गतिविधियों को इजाजत दे दी है। केंद्र सरकार की ओर से बाकायदा SOP भी जारी किया गया है। 

30 नवंबर तक अनलॉक-5 की तरह ही लागू रहेंगे नियम 

वहीं, कंटेनमेंट जोन को लेकर सरकार के आदेश के मुताबिक क्षेत्रों में सख्त रोकथाम उपायों को लागू किया जाएगा और केवल आवश्यक गतिविधियों की अनुमति दी जाएगी। कंटेनमेंट जोन संबंधित जिला कलेक्टरों की वेबसाइट पर और राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा अधिसूचित किए जाएंगे। ये जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ भी साझा की जाएगी। राज्य/केंद्र शासित प्रदेश की सरकारें केंद्र सरकार से पूर्व परामर्श के बिना किसी भी कंटेनमेंट जोन के बाहर लोकल लॉकडाउन को नहीं लगाएंगी। 65 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, गर्भवती महिलाओं और 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों को घर पर रहने की ही सलाह दी गई है। 

  • बता दें कि गृह मंत्रालय ने 30 सितंबर को अनलॉक 5 के लिए गाइडलाइंस जारी की थी। इस दौरान मंत्रालय ने कहा था कि निरूद्ध क्षेत्रों में 31 अक्तूबर तक लॉकडाउन सख्ती के साथ लागू रहेगा, जिसे अब 30 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। मंत्रालय ने दोहराया था कि राज्य केंद्र सरकार से चर्चा के बिना निरूद्ध क्षेत्रों के बाहर कोई स्थानीय लॉकडाउन लागू नहीं करेंगे। 
  • अनलॉक 5 के तहत सरकार ने सिनेमा हॉल, एंटरटेनमेंट पार्क, स्विमिंग पूल को 15 अक्तूबर से खोलने की अनुमति दी थी। हालांकि, सिनेमा हॉल को 50 फीसदी क्षमता के साथ ही खोलने की इजाजत दी गई थी। गृह मंत्रालय के निर्देश के मुताबिक, सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स 50 प्रतिशत सीटों के साथ खोले जाएंगे।
  • वहीं, सामाजिक, शैक्षणिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनैतिक और अन्य कार्यक्रमों में सिर्फ 100 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी गई थी। बंद जगहों पर 200 लोगों की क्षमता वाले हॉल में आधे लोगों को जाने की इजाजत थी। गृह मंत्रालय ने कहा था, स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को खोलने को लेकर 15 अक्तूबर के बाद राज्य सरकारें अपने हिसाब से फैसला कर सकेंगी। हालांकि, इस दौरान माता-पिता की सहमति की जरूरत होगी।

देश में अब तक 79 लाख 44 हजार से ज्यादा संक्रमित
देश में कोरोना के एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में तेजी से गिरावट आ रही है। सोमवार को इसमें 28 हजार 132 की कमी आई। यह अब तक की दूसरी सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले 21 सितंबर को सबसे अधिक 28 हजार 653 एक्टिव केस कम हुए थे। कुल संक्रमितों की बात करें तो यह आंकड़ा 79 लाख 44 हजार 128 हो गया है। सोमवार को 35 हजार 932 मामले सामने आए। 98 दिन बाद ऐसा है, जब 40 हजार से कम केस रिपोर्ट हुए। इससे पहले 21 जुलाई को 39 हजार 170 लोग संक्रमित पाए गए थे। अच्छी बात यह है कि अब तक 71 लाख 98 हजार 660 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

टॉप-5 संक्रमित देशों में भारत का रिकवरी रेट 90% से ज्यादा
रिकवरी के मामले में भारत दुनिया के पांच सबसे संक्रमित देशों में टॉप पर है। भारत में रिकवरी रेट 90% से ज्यादा है। मतलब हर 100 मरीज में 90 लोग ठीक हो रहे हैं। बेहतर रिकवरी के मामले में ब्राजील दूसरे नंबर पर है। यहां का रिकवरी रेट 89.65% और रूस का 74.84% है। सबसे खराब हालत फ्रांस की है। यहां अब तक 9.69% मरीज ही रिकवर हो पाए हैं।

Tags:    

Similar News