ममता ने BJP को बताया आतंकी संगठन, कहा- हिंदुओं के बीच भी दरार डाल रहे

ममता ने BJP को बताया आतंकी संगठन, कहा- हिंदुओं के बीच भी दरार डाल रहे

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-21 09:52 GMT
ममता ने BJP को बताया आतंकी संगठन, कहा- हिंदुओं के बीच भी दरार डाल रहे

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर BJP पर करारा हमला किया है। उन्होंने BJP को एक आतंकी संगठन करार दिया है। साथ ही हिन्दुओं में फूट डालने और सभी धर्मों के लोगों को आपस में लड़ाने का आरोप भी लगाया है। ममता बनर्जी ने कहा, हम BJP की तरह चरमपंथी संगठन नहीं हैं। वो न सिर्फ ईसाई, मुस्लिमों को लड़वा रहे हैं, बल्कि हिंदुओं के बीच भी दरार डाल रहे हैं।

एक कार्यक्रम में सीएम ममता बनर्जी ने BJP पर निशाना साधते हुए कहा, "वो काफी घमंडी हो गए हैं। वो मुस्लिमों, ईसाइयों और सिखों को पसंद नहीं करते हैं। उनके बीच झगड़ा कराते हैं। अब वो हिंदुओं को भी बांट रहे हैं। लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर रहे हैं।"

बता दें कि हाल ही में पश्चिम बंगाल में BJP कार्यकर्ताओं पर अत्याचार के विरोध में बुधवार को पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के BJP कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस के साउथ एवेन्यू स्थित ऑफिस के सामने प्रदर्शन किया था। इसमें केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो, सांसद प्रवेश वर्मा, विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा सहित कई BJP के नेता और  कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इस दौरान बाबुल सुप्रियो ने कहा था, मई में पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक आंदोलन में शहीद हुए दलित कार्यकर्ता त्रिलोचन मेहतो का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। BJP जल्द ही पश्चिम बंगाल को ममता बनर्जी के कुशासन से मुक्त कराएगी।

 

 

वहीं बुधवार को ही पश्चिम बंगाल के BJP प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी BJP कार्यकर्ताओं की हत्या को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि, BJP समर्थकों पर हमला करने वालों को गोलियां या फिर जेल मिलेगी। उन्होंने कहा था, वो अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मारी जाने वाली हर एक गोली को गिन रहे हैं। हालांकि बयान सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने दिलीप घोष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में राजनीतिक हिंसा हुई थी। जिसमें BJP के साथ ही टीएमसी के कार्यकर्ता भी मारे गए थे। पंचायत चुनाव के बाद BJP के दो कार्यकर्ताओं की हत्या की गई थी। BJP ने हत्या के पीछे टीएमसी का हाथ बताया था। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री पर सवाल भी खड़े किए थे।

Similar News