26/11 अटैक: मेघालय गवर्नर का मुस्लिमों पर विवादित ट्वीट, आलोचना होने पर किया डिलीट

26/11 अटैक: मेघालय गवर्नर का मुस्लिमों पर विवादित ट्वीट, आलोचना होने पर किया डिलीट

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-26 14:20 GMT
26/11 अटैक: मेघालय गवर्नर का मुस्लिमों पर विवादित ट्वीट, आलोचना होने पर किया डिलीट
हाईलाइट
  • मेघालय के गवर्नर तथागत रॉय ने 26/11 अटैक को लेकर एक विवादित ट्वीट किया है।
  • तथागत रॉय ने लिखा कि इस हमले में मुसलमानों को छोड़कर सभी बेकसूर मारे गए थे।
  • बवाल मचने के बाद उन्होंने इस ट्वीट को डिलीट कर दिया।

डिजिटल डेस्क, शिलॉन्ग। मुंबई में हुए 26/11 अटैक को आज (सोमवार) पूरे 10 साल हो गए। हमले की 10वीं बरसी पर मेघालय के गवर्नर तथागत रॉय ने एक विवादित ट्वीट किया। तथागत रॉय ने ट्वीट करते हुए लिखा कि इस हमले में मुसलमानों को छोड़कर सभी बेकसूर मारे गए थे। इस ट्वीट पर बवाल मचने के बाद उन्होंने इसे डिलीट कर दिया। बता दें कि इस हमले में 166 बेकसूर लोग मारे गए थे। 

रॉय ने ट्वीट करते हुए लिखा, "मुंबई में पाकिस्तान की मदद से हुए मासूमों की हत्या (मुसलमानों को छोड़कर) की 10वीं बरसी, जिसे 26/11 भी कहा जाता है। क्या किसी को याद है कि हमने पाकिस्तान के साथ अपने राजनीतिक संबंधों को कम क्यों नहीं किया है ( हमें या तो यह संबंध खुद तोड़ देना चाहिए या फिर युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए)?"

इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया। मामला बढ़ते देख मेघालय के गवर्नर ने ट्वीट डिलीट कर दिया और माफी मांगी। ट्वीट को डिलीट कर उन्होंने एक और ट्वीट किया और लिखा, "26/11 को लेकर मेरा ट्वीट एक तथ्यात्मक गलती थी। वह माफी मांगने के साथ ही डिलीट कर दी गई है। मैं इस ट्वीट के लिए माफी मांगता हूं।"

 

 

तथागत रॉय इससे पहले भी काफी बार विवादों में रह चुके हैं। रॉय ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनके देहांत से पहले ही ट्वीट कर श्रद्धांजली दे दी थी, जिसके बाद उनकी कड़ी आलोचना हुई थी।

Similar News