चुनाव : कांग्रेस ने यशोमति ठाकुर को दिया कर्नाटक सह प्रभारी का दायित्व

चुनाव : कांग्रेस ने यशोमति ठाकुर को दिया कर्नाटक सह प्रभारी का दायित्व

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-31 14:32 GMT
चुनाव : कांग्रेस ने यशोमति ठाकुर को दिया कर्नाटक सह प्रभारी का दायित्व

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस ने देश के तमाम प्रदेशों से युवा नेताओं को आगे लाते हुए कई बड़ी जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। वहीं कांग्रेस संगठन में महाराष्ट्र के युवा नेताओं को जगह मिलने का सिलसिला जारी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विधायक यशोमति ठाकुर को अखिल भारतीय कांग्रेस समिति का नया सचिव नियुक्त किया है। इसके साथ ही यशोमति को कर्नाटक के प्रभारी महासचिव के सी वेणुगोपाल के साथ संलग्न किया गया है। बता दें कि यशोमति ठाकुर महाराष्ट्र की तिवसा सीट से कांग्रेस विधायक हैं।

इसके पहले महाराष्ट्र के हिंगोली से सांसद राजीव सातव और प्रदेश के पूर्व मंत्री नितीन राऊत को क्रमश: गुजरात कांग्रेस का प्रभारी और पार्टी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया जा चुका है। युवा विधायक यशोमति ठाकुर राहुल टीम की सदस्य मानी जाती हैं। पार्टी के नए संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने यशोमति को पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाने का बयान जारी करते हुए कहा कि उन्हें कर्नाटक के प्रभारी के सी वेणुगोपाल के साथ जोड़ा गया है।

कर्नाटक चुनाव के मद्देनजर माना जा रहा है कि  यशोमति ठाकुर को कर्नाटक के मराठी भाषी इलाकों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। युवा कांग्रेस से उभरी यशोमति ठाकुर पिछले दिनों मेघालय चुनाव में पार्टी के सह समन्वयक की भूमिका निभा चुकी हैं।

Similar News