मप्र : सीएए के समर्थन में घर-घर दस्तक दे रहे भाजपा नेता

मप्र : सीएए के समर्थन में घर-घर दस्तक दे रहे भाजपा नेता

IANS News
Update: 2020-01-05 16:00 GMT
मप्र : सीएए के समर्थन में घर-घर दस्तक दे रहे भाजपा नेता
हाईलाइट
  • मप्र : सीएए के समर्थन में घर-घर दस्तक दे रहे भाजपा नेता

भोपाल, 5 जनवरी (आईएएनएस)। नागरिक संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता राज्य में घर-घर जाकर लोगों को समझा रहे हैं कि यह कानून देश के किसी नागरिक के खिलाफ नहीं है। नेता हर परिवार से संवाद कर उन्हें सीएए से संबंधित एक पर्चा भी दे रहे हैं, जिसमें कानून का ब्यौरा है।

भाजपा ने सीएए के समर्थन में जनमानस बनाने के मकसद से रविवार को 10 दिवसीय घर-घर जनसंपर्क अभियान शुरू किया। प्रदेश भर में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क किया। भोपाल में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने अरेरा कॉलोनी के रहिवासियों से संपर्क कर अभियान की शुरुआत की। प्रदेश अध्यक्ष ने लोगों को सीएए की जानकारी का साहित्य भेंट किया और टोल फ्री नंबर 8866288662 पर मिस्डकॉल भी करवाया।

इस मौके पर राकेश सिंह ने कहा, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में जो अल्पसंख्यक धार्मिक प्रताड़ना के शिकार हो रहे हैं, उनकी बहू-बेटियों के साथ दुष्कर्म, पुरुषो की हत्याएं हो रही हैं, धर्म परिवर्तन के लिए उन्हें विवश किया जा रहा है, ऐसे सभी अल्पसंख्यकों को भारत की नागरिकता देने के लिए यह कानून बना है।

उन्होंने आगे कहा, प्रताड़ित लोगों के लिए महात्मा गांधी और कांग्रेस के अनेक नेताओं ने पैरवी की और कहा कि धार्मिक प्रताड़ना के आधार पर जिन लोगों पर जुर्म हो रहा है, उन्हें नागरिकता देनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने सीएए के माध्यम से तीन देशों के धार्मिक आधार पर प्रभावित लोगों की सुध ली है। कांग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ मिलकर वोटबैंक और तुष्टीकरण की राजनीति प्रारंभ की है। सीएए का दुष्प्रचार कर कांग्रेस ने देश के मुस्लिम और हिन्दू भाइयों के बीच दीवार बनाने का अभियान शुरू किया है। लेकिन भाजपा जनजागरण अभियान के माध्यम से कांग्रेस के मंसूबों को घर-घर जाकर विफल करेगी।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सागर जिले के गढ़ाकोटा में मुस्लिम समाज के लोगों के बीच पहुंचकर सीएए की वास्तविकता को बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून किसी की नागरिकता खत्म करने के लिए नहीं, बल्कि नागरिकता देने के लिए है। कांग्रेस लगातार भ्रम फैला रही है।

इसी तरह राज्य के अन्य हिस्सों में भी सीएए के समर्थन में भाजपा नेता घर घर जा रहे हैं और सभी को इस कानून के बारे में बता रहे हैं।

-- आईएएनएस

Tags:    

Similar News