पुलिस विभाग को कमलनाथ का तोहफा, जल्द ही मिलेगा वीकली ऑफ

पुलिस विभाग को कमलनाथ का तोहफा, जल्द ही मिलेगा वीकली ऑफ

Bhaskar Hindi
Update: 2018-12-19 12:34 GMT
हाईलाइट
  • किसानों का कर्जा माफ करने के बाद अब पुलिस विभाग को कमलनाथ ने बड़ी सौगात दी है।
  • बुधवार को पुलिस बल के लिये साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं।
  • मध्य प्रदेश में सीएम कमलनाथ पूरे एक्शन में नजर आ रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में सीएम कमलनाथ पूरे एक्शन में नजर आ रहे हैं। किसानों का कर्जा माफ करने के बाद अब पुलिस विभाग को कमलनाथ ने बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बुधवार को पुलिस बल के लिये साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं। कमलनाथ का ये बेहद अहम फैसला है क्योंकि कई सालों से पुलिस विभाग में इसकी मांग की जा रही थी। बता दें कि कमलनाथ ने चुनाव प्रचार के दौरान पुलिसकर्मियों से सात वादे किए थे, जिसमें से एक वादा सप्ताह में एक दिन का अवकाश भी था।

सीएम कमलनाथ ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में प्रमुख सचिव गृह मलय श्रीवास्तव, पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। चर्चा के दौरान कमलनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह पुलिस बल में साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था करें। इसके लिए तकनीकी संसाधनों को आधुनिक किया जाए। आपात परिस्थितियों में अवकाश उपयोग नहीं करने पर क्षतिपूर्ति की भी व्यवस्था हो। पुलिस महानिदेशक अब इसके नियम तैयार करने में जुट गए हैं।

इस महत्वपूर्ण फैसले के अलावा कमलनाथ ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वह किसी भी प्रकार की आपराधिक और गैर कानूनी गतिविधियों के प्रति जीरो टालरेंस रखें। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिये  रणनीति बनायी जाये। महिलाओं के खिलाफ अपराध के नियंत्रण के लिये संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ काम किया जाये। उन्होंने अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि गुड-गवर्नेंस का प्रमुख आधार पुलिस बल है। राज्य की छवि पुलिस व्यवस्था पर निर्भर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की छवि का पैरामीटर पुलिस होती है। यह आवश्यक है कि बल के सदस्यों का मनोबल ऊंचा हो। नजरिया देश-प्रदेश की विविधतापूर्ण संस्कृति और स्वरूप के संरक्षण का हो। उन्होंने कहा कि पुलिस समाज की रक्षक है। पुलिस को भविष्य की तकनीकों और सामाजिक चुनौतियों के अनुसार तैयारियां करने पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने युवा पीढ़ी में नशे की लत के प्रसार को जड़ मूल से समाप्त करने की जरूरत बतायी।

बता दें कि विधानसभा चुनाव से पहले सीएम कमलनाथ ने पुलिसकर्मियों से वादा किया था कि कांग्रेस की सरकार बनते ही पुलिसकर्मियों को सप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा। इसके अलावा काम के घंटे को भी कम किया जाएगा। 1400 रुपए आवास भत्ता को बढ़ाकर 5000 रुपए प्रतिमाह और राज्य पुलिस बजट को 6,000 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 9,600 करने का वादा कमलनाथ ने किया था।

Similar News